सहारा मीडिया में कर्मचारियों का धरना 27वें दिन पहुंचा, प्रबंधन पर आंदोलन तोड़ने की साजिश का आरोप
नोएडा (आरएनआई) सहारा इंडिया टीवी नेटवर्क के कर्मचारियों का वेतन भुगतान को लेकर नोएडा के सहारा कॉम्प्लेक्स में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना 27वें दिन में प्रवेश कर गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि प्रबंधन धरना समाप्त कराने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रहा है और जिला प्रशासन इस मामले में निष्क्रिय है।
कर्मचारियों के अनुसार, बीते लगभग एक महीने से सेक्टर-24 थाना पुलिस सहारा कॉम्प्लेक्स में तैनात है, लेकिन प्रबंधन लगातार दबाव और नई चालों के जरिए आंदोलन खत्म करने की कोशिश कर रहा है। सोमवार को मुख्य गेट बंद करने को लेकर कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों के बीच तनाव पैदा हो गया, जिसके बाद भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामला शांत हुआ।
कर्मचारियों की आशंका
धरने पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि आगामी 15 अगस्त से पहले प्रबंधन किसी भी तरीके से आंदोलन समाप्त कराने की कोशिश कर सकता है। उनका आरोप है कि परिसर में गैरकानूनी गतिविधियों का सहारा लेकर कर्मचारियों को बदनाम करने की योजना बनाई जा रही है।
चार महीने का बकाया, नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं
कर्मचारियों की चार महीने की सैलरी बकाया है। लेबर कमिश्नर ने इसके लिए रिकवरी चालान (आरसी) जारी किया और जिला प्रशासन ने प्रबंधन को नोटिस भी भेजा, लेकिन सैलरी का भुगतान नहीं हुआ। उल्टे, शिकायत करने वाले 126 कर्मचारियों की सैलरी रोक दी गई। दो दिन पहले कुछ कर्मचारियों को मई महीने की “टोकन सैलरी” दी गई है, जबकि नियमित वेतन जनवरी 2014 से नहीं मिला है। इस बीच टोकन मनी भी घटकर 30-40% रह गई थी और पिछले तीन महीने से यह भी बंद है।
कर्मचारियों की व्यथा
लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण कर्मचारियों की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है। किसी का घर बिक गया, किसी की बहन-बेटी की सगाई टूट गई, बच्चों की पढ़ाई रुक गई और कुछ ने तो बिना इलाज के दम भी तोड़ दिया। कर्मचारी आरोप लगा रहे हैं कि कंपनी के पास पैसा होते हुए भी भुगतान नहीं किया जा रहा और सरकारी तंत्र प्रबंधन के साथ खड़ा है।
कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनका बकाया वेतन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



