सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सख्त, अवैध कब्जों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

Saturday, June 20, 2026 - 21:25
0
सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सख्त, अवैध कब्जों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

हरदोई, (आरएनआई)। तहसील सवायजपुर में शनिवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद एवं अवैध कब्जों से संबंधित प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं लेखपालों को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि तथा गरीबों की जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस विभाग का सहयोग लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कदम उठाए जाएं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर विशेष सतर्कता बरतें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में कोई कोताही न करें।

विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब ट्रांसफार्मरों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा जर्जर विद्युत लाइनों के नवीनीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा, ताकि उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निराश्रित, वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन से संबंधित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन पात्र लाभार्थियों की पेंशन किसी कारणवश बंद हो गई है, उनका सत्यापन कराकर शीघ्र पुनः बहाल कराया जाए। राशन वितरण में अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि लापरवाही बरतने वाले कोटेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा पात्र उपभोक्ताओं को समय से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर समाज कल्याण, पूर्ति, प्रोबेशन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित गश्त बढ़ाने, बीट सिपाहियों एवं चौकीदारों से क्षेत्रीय गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई में राजस्व विभाग की टीम को पूर्ण सहयोग देने के भी निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्रभागीय निदेशक जे.बी. शैडे, उपजिलाधिकारी सवायजपुर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भावनाथ पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User