महाराष्ट्र के परभणी में बड़ा हादसा: हनुमान मंदिर की निर्माणाधीन छत गिरी, 7 श्रद्धालुओं की मौत, 25 घायल
महाराष्ट्र के परभणी जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मनवत रोड स्थित यशवाड़ी देवस्थान के हनुमान मंदिर परिसर में निर्माणाधीन सभामंडप (हॉल) की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर के सामने सभामंडप निर्माण का कार्य चल रहा था। शनिवार होने के कारण मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या अधिक थी और दोपहर के समय बड़ी संख्या में लोग प्रसाद ग्रहण करने के लिए एकत्रित थे। इसी दौरान बांस और लोहे की रॉड से तैयार किया गया सेंट्रिंग स्ट्रक्चर अचानक टूट गया, जिसके साथ निर्माणाधीन छत और पत्थर नीचे गिर पड़े।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि श्रद्धालु प्रसाद और दर्शन के लिए कतार में खड़े थे, तभी अचानक पूरा ढांचा ढह गया और अफरा-तफरी मच गई। हादसे के तुरंत बाद पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
यशवाड़ी गांव, छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर स्थित है। यहां स्थित त्रिमूर्ति मंदिर में भगवान हनुमान की काली प्रतिमा स्थापित है, जिसके दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश देते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)