सपा सांसदों का जौहर यूनिवर्सिटी दौरा, छात्रों को दिया समर्थन; बोले- "शिक्षा का मंदिर नहीं गिरने देंगे"
रामपुर। जौहर विश्वविद्यालय के 40 में से 38 भवनों को ध्वस्त करने के रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। शनिवार को पार्टी के सांसदों और पूर्व सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने रामपुर पहुंचकर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे छात्र-छात्राओं से मुलाकात की और उन्हें अपना समर्थन दिया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर गठित प्रतिनिधिमंडल में सांसद इकरा हसन, मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा, संभल से सांसद जियाउर्रहमान बर्क समेत कई नेता शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने पहले आपस में बैठक की और इसके बाद जौहर विश्वविद्यालय पहुंचकर छात्रों से बातचीत की।
सांसदों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है और विश्वविद्यालय को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। मुरादाबाद सांसद रुचि वीरा ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय शिक्षा का मंदिर है और इसे किसी भी कीमत पर गिरने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने आरडीए के ध्वस्तीकरण आदेश पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यदि जिला प्रशासन उनकी मांगों पर विचार नहीं करता है तो वे उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर न्यायालय का भी रुख करेंगे।
संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने भी ध्वस्तीकरण के आदेश को वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा संसद में भी उठाया जाएगा और विश्वविद्यालय को बचाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
गौरतलब है कि रामपुर विकास प्राधिकरण द्वारा जौहर विश्वविद्यालय के अधिकांश भवनों को ध्वस्त करने के आदेश के बाद से छात्र लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं और विपक्षी दल प्रशासन के फैसले का विरोध कर रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)