सतरंगी रंगों में रंगी नई दिल्ली, अबीर-गुलाल की बौछार के बीच छाई मस्ती; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी में होली का रंगोत्सव पूरे उल्लास और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। दो दिन पहले से ही बाजारों और कॉलोनियों में तैयारियां शुरू हो गई थीं, हालांकि चंद्रग्रहण के कारण इस बार धुलंडी का रंगोत्सव एक दिन बाद मनाया जा रहा है। बुधवार सुबह से ही सड़कों, पार्कों और आवासीय सोसाइटियों में रंग और गुलाल की फुहारें उड़ती नजर आईं। ढोल की थाप, डीजे की धुन और ‘होली है’ के जयघोष के बीच दिल्ली कुछ घंटों के लिए अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ भूलकर रंग, रिश्ते और उत्सव में डूब गई।
राजधानी के बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। गुलाल, पिचकारियां और सफेद कुर्तों की खरीदारी जोरों पर हुई, वहीं मिठाई की दुकानों पर गुझिया और ठंडाई के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। विभिन्न सोसाइटियों और आरडब्ल्यूए ने सामूहिक होली मिलन समारोहों के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। कई जगह डीजे, रेन डांस और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पार्कों और क्लबों में मंच सजाए गए, रंगों की टंकियां तैयार की गईं और आयोजन समितियां अंतिम क्षण तक तैयारियों में जुटी रहीं।
सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है। हुड़दंग और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष यातायात योजना लागू की है, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
बच्चों में रंग खेलने का उत्साह चरम पर है, वहीं बुजुर्गों के लिए यह पर्व पुराने रिश्तों को ताजा करने और मेल-मिलाप का अवसर बनकर आया है। सुबह से ही राजधानी के अलग-अलग हिस्सों में लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर गले मिलते दिखाई दिए।
इस बीच, आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस वर्ष घोषित ड्राई डे की सूची में होली को शामिल नहीं किया गया है। गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती पर शराब की दुकानें बंद रहेंगी, लेकिन धुलंडी के दिन दुकानें खुली रहेंगी। इसके चलते बाजारों में सामान्य दिनों की तरह ही गतिविधियां जारी हैं।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)