संभल में बिजली चोरी का बड़ा खुलासा, मिनी पावर स्टेशन से 50–60 घरों को हो रही थी आपूर्ति, DM-SP ने खुद मारा छापा
संभल (आरएनआई)। संभल जिले में बिजली चोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध आपूर्ति के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। सोमवार तड़के जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई के नेतृत्व में रायसत्ती थाना क्षेत्र और सराय तरीन इलाके में छापेमारी की गई, जिसमें एक अवैध मिनी पावर स्टेशन समेत कई स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई।
सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए इस संयुक्त अभियान में प्रशासन और पुलिस की सात विशेष टीमें लगाई गई थीं, जिनके साथ बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जांच में सामने आया कि एक अंडरग्राउंड सिस्टम के जरिए अवैध रूप से बिजली वितरित की जा रही थी और एक ही कनेक्शन से 50 से 60 घरों तक सप्लाई दी जा रही थी। इसे मिनी पावर स्टेशन के रूप में संचालित किया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान मस्जिद, अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन और कई अन्य ठिकानों पर चोरी की बिजली का उपयोग पकड़ा गया। प्रशासन ने बताया कि रायसत्ती थाना क्षेत्र में लाइन लॉस 50 प्रतिशत से अधिक है, जिसे देखते हुए यहां विशेष निगरानी और कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने बताया कि अवैध मिनी पावर स्टेशन संचालित करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा और अन्य मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई ने कहा कि इस इलाके में लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसे रोकने के लिए आठ थानों की पुलिस और कई सर्किल अधिकारियों को तैनात कर विशेष अभियान चलाया गया है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
इससे एक दिन पहले रविवार को प्रशासन ने सलेमपुर इलाके में अतिक्रमण विरोधी अभियान भी चलाया था, जहां मदरसे के नाम पर अवैध निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिली थीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कब्जों और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)