शुभेंदु अधिकारी पीए हत्याकांड में बलिया का राज सिंह गिरफ्तार, बंगाल पुलिस ने अयोध्या से दबोचा
बलिया निवासी राज सिंह को पश्चिम बंगाल के चर्चित शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) हत्याकांड में पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रविवार देर रात अयोध्या से पकड़ा गया, जब वह लखनऊ में आयोजित एक शादी समारोह से लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि बंगाल पुलिस पिछले कई दिनों से राज सिंह की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही बलिया के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित आनंद नगर मोहल्ले में सनसनी फैल गई। राज सिंह खुद को समाजसेवी बताता था और वार्ड नंबर 15 से सभासद का चुनाव भी लड़ चुका है।
सोमवार को उसके आनंद नगर स्थित घर पर ताला बंद मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार के सदस्य कहीं और चले गए हैं। मोहल्ले में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है। पड़ोसियों ने बताया कि देर रात कई वाहन मोहल्ले में पहुंचे थे और सादे कपड़ों में कुछ लोगों ने आसपास पूछताछ की थी।
स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी तेज है कि राज सिंह को कुछ राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। सूत्रों के मुताबिक, कुछ वर्ष पहले सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अंडा दुकानदार को गोली मारने के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। हालांकि इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)