लोकसभा में पीएम के संबोधन टलने पर राहुल गांधी का तंज, बोले—डर के कारण संसद नहीं आए मोदी
नई ल्ली (आरएनआई)। संसद के बजट सत्र के दौरान लोकसभा में हंगामे के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब नहीं दे सके। इस पर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर तीखा हमला बोला और कहा कि पीएम मोदी सच्चाई का सामना करने से डर रहे हैं, इसलिए सदन में नहीं आए।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि उन्होंने पहले ही कहा था कि प्रधानमंत्री लोकसभा नहीं आएंगे। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी डर के कारण संसद से दूरी बना रहे हैं और कठिन सवालों का सामना नहीं करना चाहते। वीडियो में राहुल गांधी दोपहर के समय यह कहते नजर आते हैं कि उन्हें पहले से अंदेशा था कि प्रधानमंत्री सदन में उपस्थित नहीं होंगे।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि यदि प्रधानमंत्री लोकसभा में आते, तो वह उन्हें पूर्व सेना प्रमुख जनरल नरवणे की एक किताब भेंट करते और उस पर चर्चा की मांग करते। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी विपक्षी नेता या विदेशी लेखक की नहीं, बल्कि देश के एक पूर्व सेना प्रमुख द्वारा लिखी गई किताब है। हालांकि, इस पर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार करते हुए कहा था कि यह किताब अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है।
गौरतलब है कि लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा चल रही थी, जिसका जवाब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देना था। लेकिन सदन में लगातार हो रहे हंगामे के कारण कार्यवाही सुचारु रूप से नहीं चल सकी। पीठासीन सभापति संध्या राय ने शाम पांच बजे कार्यवाही शुरू करते हुए सांसदों से सदन चलने देने की अपील की, बावजूद इसके शोर-शराबा जारी रहा और प्रधानमंत्री अपना संबोधन नहीं दे सके, जिसके चलते जवाब टल गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



