रिटायरमेंट से 11 महीने पहले रिश्वत लेते पकड़ा गया बिजली विभाग का बाबू, एंटी करप्शन टीम ने किया गिरफ्तार
मथुरा के कृष्णा नगर विद्युत उपकेंद्र में तैनात लिपिक (बाबू) सुरेश चंद को बिजली कनेक्शन का लोड कम करने के बदले कथित रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एक उपभोक्ता ने अपने बिजली कनेक्शन का लोड कम कराने के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि प्रक्रिया पूरी करने के बदले सुरेश चंद ने रिश्वत की मांग की। इसके बाद उपभोक्ता ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की। शिकायत का सत्यापन होने के बाद टीम ने जाल बिछाया।
शुक्रवार को एंटी करप्शन टीम सादे कपड़ों में कृष्णा नगर विद्युत उपकेंद्र पहुंची। शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर भेजा गया। जैसे ही सुरेश चंद ने पैसे लिए, टीम ने उसे मौके पर ही रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए और मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की।
अचानक हुई इस कार्रवाई से उपकेंद्र कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। टीम आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि सुरेश चंद की सेवानिवृत्ति में अभी करीब 11 महीने का समय बाकी था।
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)