राष्ट्रपति भवन में लूला दा सिल्वा का औपचारिक स्वागत, पीएम मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक
नई दिल्ली (आरएनआई)। ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा का सोमवार को राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ब्राजीली राष्ट्रपति से मुलाकात की और दोनों देशों के मंत्रियों व प्रतिनिधिमंडलों का परिचय कराया। समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहे।
लूला दा सिल्वा प्रधानमंत्री मोदी के निमंत्रण पर भारत के राजकीय दौरे पर आए हैं। वे 18 से 22 फरवरी तक भारत में रहेंगे। अपने दौरे के दौरान ब्राजीली राष्ट्रपति ने हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की, जहां भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।
इससे पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने राजधानी में राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा से भेंट की। उन्होंने भारत और ब्राजील के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने में ब्राजीली नेतृत्व के मार्गदर्शन की सराहना की। सोशल मीडिया पोस्ट में जयशंकर ने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला की बैठक से द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलेगी।
भारत और ब्राजील ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 15.21 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जिसमें 25 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। इस दौरान भारत का निर्यात 8.35 अरब डॉलर और ब्राजील से आयात 6.85 अरब डॉलर रहा, जबकि ब्राजील में भारतीय निवेश 15 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है।
एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा ने कहा कि भारत और ब्राजील के बीच मौजूदा व्यापार को 30 से 40 अरब डॉलर तक ले जाने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि वे 260 ब्राजीलियाई व्यवसायियों के साथ भारत आए हैं, ताकि अंतरिक्ष, रक्षा और फार्मा जैसे क्षेत्रों में नई साझेदारियां स्थापित की जा सकें। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ब्राजील की प्रमुख एयरोस्पेस कंपनी एम्ब्रेयर भारत में विनिर्माण संयंत्र खोलने की दिशा में कदम उठा सकती है।
आज प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के बीच होने वाली द्विपक्षीय बैठक में क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ्स से जुड़े एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। यह समझौता चीन पर वैश्विक सप्लाई चेन की निर्भरता कम करने, ग्रीन एनर्जी ट्रांजिशन को बढ़ावा देने और विकासशील देशों की भूमिका को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि ब्राजील दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा रेयर अर्थ भंडार रखने वाला देश है, जिसके पास लगभग 21 मिलियन मीट्रिक टन का विशाल रिजर्व मौजूद है।
इस उच्चस्तरीय दौरे को भारत-ब्राजील रणनीतिक साझेदारी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आने वाले वर्षों में व्यापार, निवेश और वैश्विक मंचों पर सहयोग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)