राज्य मंत्री ने सीएचसी पर किया स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, सीएचसी पर जल्द लगेगा हेल्थ एटीएम

Saturday, September 23, 2023 - 15:23
0
राज्य मंत्री ने सीएचसी पर किया स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ,  सीएचसी पर जल्द लगेगा हेल्थ एटीएम

शाहाबाद हरदोई । उत्तर प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक भव्य स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य से संबंधित लगाए गए स्टालों का निरीक्षण भी किया। स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने कहा डबल इंजन की सरकार अपने देशवासियों और क्षेत्र वासियों को स्वस्थ रखने के लिए तमाम योजनाएं चला रही है । सरकारी अस्पतालों में नई-नई सुविधाएं दी जा रही हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा सरकार चाहती है कि उनके देश के लोग स्वस्थ रहें, इसीलिए सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया सीएचसी शाहबाद मुख्यालय पर कोरोना जैसे गंभीर समय में ऑक्सीजन प्लांट की स्थापना कराई जा चुकी है। अब क्षेत्र वासियों को ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी। उन्होंने बताया जल्द ही शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर हेल्थ एटीएम की स्थापना हो जाएगी जिसमें ब्लड से संबंधित सभी जांचें एक साथ होंगी। इससे क्षेत्रवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी। उच्च शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर रोहिताश कुमार ने बताया सीएचसी पर शीघ्र हेल्थ एटीएम लगने जा रहा है । इस हेल्थ एटीएम लगने के बाद क्षेत्र के लोगों को ब्लड की जांच करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और न ही समय की बर्बादी होगी। तत्पश्चात उच्च शिक्षा मंत्री ने स्वास्थ्य मेले में स्वास्थ्य से संबंधित परिवार कल्याण, टीकाकरण, चिकित्सीय सेवाएं, पंजीकरण, बच्चों की काउंसलिंग, आयुष्मान वितरण कैंप, पंजीकरण आदि बड़ी संख्या में लगाए गए स्टालों का अवलोकन कर जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम सुश्री पूनम भास्कर, क्षेत्राधिकारी हेमंत उपाध्याय, सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर प्रवीण दीक्षित, नीरज राजपूत, अनिल पांडे पिंटू सहित बड़ी संख्या में डॉक्टर्स और स्टाफ मौजूद रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User