राज्यसभा में पीएम के बयान पर खरगे का पलटवार, उठाए तीन बड़े सवाल
नई दिल्ली (आरएनआई)। मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम एशिया संकट पर नरेंद्र मोदी के राज्यसभा में दिए बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे “भ्रम फैलाने वाला” बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का बयान देर से आया और इससे जवाब कम, सवाल ज्यादा खड़े हुए हैं।
खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री से तीन अहम मुद्दों पर स्पष्ट जवाब मांगा।
रणनीतिक स्वायत्तता पर सवाल
खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री के बदलते कूटनीतिक रुख से भारत की “रणनीतिक स्वायत्तता” प्रभावित हुई है, जो दशकों से देश की विदेश नीति का अहम स्तंभ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि हालिया विदेश नीति में आए बदलावों पर सरकार ने संसद और देश को भरोसे में क्यों नहीं लिया।
भारतीय जहाजों की सुरक्षा पर चिंता
उन्होंने दावा किया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय ध्वज वाले 30-40 जहाज फंसे हुए हैं, जिनमें करीब 1,100 नाविक और लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का माल है। खरगे ने पूछा कि अन्य देशों के जहाजों को सुरक्षित मार्ग मिल रहा है, लेकिन भारतीय जहाजों को क्यों नहीं।
ऊर्जा संकट और आपूर्ति पर सवाल
खरगे ने प्रधानमंत्री के उस दावे पर भी सवाल उठाया, जिसमें कहा गया था कि भारत अब 41 देशों से ऊर्जा आयात कर रहा है। उन्होंने पूछा कि अगर आपूर्ति में विविधता आई है, तो देश में अभी भी ईंधन की कमी, लंबी कतारें और महंगाई क्यों बढ़ रही है।
कोविड का जिक्र कर सरकार पर निशाना
खरगे ने प्रधानमंत्री द्वारा मौजूदा हालात की तुलना कोविड-19 से करने पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि देश उस दौर की पीड़ा नहीं भूल सकता, जब लाखों लोगों की जान गई और ऑक्सीजन जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए संघर्ष करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के 25 दिन बाद भी सरकार की तैयारी अपर्याप्त दिखती है और प्रधानमंत्री का बयान स्थिति को स्पष्ट करने के बजाय और अधिक सवाल खड़े करता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)