राजोरी-पुंछ में भारी बारिश से तबाही, बाढ़ और भूस्खलन में चार की मौत; कई वाहन बहे, जनजीवन प्रभावित
जम्मू-कश्मीर के राजोरी और पुंछ जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिनमें चार लोगों की मौत हो गई। कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गईं, जबकि बाढ़ के तेज बहाव में कई वाहन बह गए और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
राजोरी जिले में धरहल नदी उफान पर है। अचानक आई बाढ़ के चलते न्यू बस स्टैंड बेला क्षेत्र में नदी का पानी फैल गया, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं। बस स्टैंड की पार्किंग में खड़े कई वाहन बाढ़ के पानी में डूब गए और बहाव में क्षतिग्रस्त हो गए।
लगातार बारिश के कारण बाजारों और निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। कई स्थानों पर नालियों का पानी सड़कों पर आ जाने से यातायात बाधित रहा। दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों से पानी निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की मांग की है।
प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदियों और नालों के किनारे न जाने तथा बाढ़ संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे हालात पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। स्थानीय लोगों का दावा है कि एक महिला अभी भी लापता है, जबकि बचाव दल उसकी तलाश में जुटे हैं।
उधर, उधमपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल मन्हास ने बताया कि मानसून के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मेडिकल टीमें क्षेत्रीय दौरे कर रही हैं और लोगों को स्वच्छ पेयजल के उपयोग तथा पानी को क्लोरीनयुक्त करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)