राजगढ़ में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रोजगार सहायक रंगे हाथ गिरफ्तार
मध्यप्रदेश लोकायुक्त पुलिस ने राजगढ़ जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत लाख्या के पंचायत रोजगार सहायक दिनेश कुमार सेन को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता बीरम सिंह, पिता हरी सिंह, सरपंच ग्राम पंचायत लाख्या (जनपद पंचायत राजगढ़) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पंचायत में कराए गए विकास कार्यों के बिलों का भुगतान कराने के एवज में पंचायत सचिव दिनेश कुमार ठेकेदारों और संबंधित पक्षों से भुगतान राशि का 5 प्रतिशत कमीशन रिश्वत के रूप में मांगता था।
शिकायत में बताया गया कि वर्तमान में ग्राम पंचायत के लगभग 3 लाख रुपये के लंबित बिलों के भुगतान के लिए आरोपी ने 15 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। आरोप है कि इसमें से 5 हजार रुपये पहले ही ले लिए गए थे, जबकि शेष 10 हजार रुपये देने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायतकर्ता ने 16 जुलाई को रिश्वत मांगने की बातचीत की रिकॉर्डिंग लोकायुक्त को उपलब्ध कराई। प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
इसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। 17 जुलाई को जनपद पंचायत भवन, राजगढ़ के सामने जैसे ही आरोपी प रोजगार सहायक ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
फिलहाल लोकायुक्त पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई के बाद जनपद पंचायत और जिले के पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



