यूपी में उमस भरी गर्मी बढ़ी, मानसून खिसका ओडिशा-आंध्र की ओर; अलर्ट जारी
मानसून ने फिलहाल यूपी से दूरी बना ली है। पूरे प्रदेश में धूप और गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है।
लखनऊ (आरएनआई) यूपी में बीते दो दिनों से धूप और उमस का दौर जारी है। राजधानी लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में सुबह से ही तेज और तीखी धूप का एहसास हो रहा है। धूप की वजह से उमसी भी बढ़ी है। मौसम विभाग के अनुसार धूप और उमस की यह स्थिति कमोबेश पूरे प्रदेश में है। आने वाले दो से तीन दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है।
उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट लिया है। मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता में कमी आने से उत्तर प्रदेश में अगले तीन- चार दिनों तक कहीं कहीं छिटपुट बारिश को छोड़कर प्रभावी बारिश की संभावना कम है। बारिश में कमी से बढ़ी हुई गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी। बादल छंटने और धूप होने से दिन और रात दोनों के तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि इस दौरान पश्चिमी यूपी के तराई हिस्सों में कहीं कहीं बादल छाने और बौछार पड़ने की संभावनाएं हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक उत्तर प्रदेश में मानसून अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दाब क्षेत्र दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश तट को पार कर चुका है। इन्हीं वजहों से उत्तर प्रदेश में अगले 3-4 दिनों तक मानसून की सक्रियता कम रहेगी।
आईएमडी निम्न दबाव प्रणाली के कारण आने वाले दिनों में राजस्थान के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई है। उदयपुर और जोधपुर मंडल में अगले चार-पांच दिनों के दौरान मध्यम स्तर की वर्षा हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। कोटा, अजमरे, जयपुर, भरतपुर और बीकानेर मंडलों में भी गरज के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा के कुछ हिस्सों, विशेषकर दक्षिणी जिलों कोरापुट और मलकानगिरी में कम दबाव के कारण हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ और प्रमुख सड़कें जलमग्न हो गईं, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। मलकानगिरी जिले के एमवी-96 गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 326 पर एक पुल से लगभग तीन फीट ऊपर बारिश का पानी बह रहा था, जिससे मलकानगिरी, मोटू और जयपुर के बीच वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच भी वाहनों की आवाजाही प्रभावी हुई है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



