मथुरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4100 किलो पेड़े और मिल्क केक नष्ट; जांच के लिए 9 नमूने भेजे
मथुरा के वृंदावन में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे करीब 4100 किलो पेड़े और मिल्क केक को नष्ट कराया। टीम ने मौके से कुल नौ नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। इस कार्रवाई के बाद मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने वृंदावन के रुक्मिणी विहार स्थित एमवीडीए फ्लैट में छापेमारी की। जांच के दौरान फ्लैट को अवैध गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था, जहां बड़ी मात्रा में पेड़े और मिल्क केक अस्वच्छ माहौल में रखे मिले। अधिकारियों ने पेड़े और मिल्क केक के नमूने लेने के बाद लगभग 4000 किलो पेड़ा और 100 किलो मिल्क केक को जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया। नष्ट की गई मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 6.15 लाख रुपये बताई गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कारोबारी ने किराये पर फ्लैट लेकर उसे गोदाम बना रखा था और त्योहारों के दौरान इन मिठाइयों की बिक्री की तैयारी थी। इसके बाद टीम ने सुनरख बांगर स्थित एक अन्य गोदाम में भी छापा मारा, जहां पेड़ा, मिल्क केक और खोआ के नमूने लिए गए। यहां भी गंदगी में रखे लगभग 100 किलो पेड़े नष्ट कराए गए, जिनकी कीमत करीब 12 हजार रुपये आंकी गई।
इसके अलावा बलदेव क्षेत्र की एक मिठाई की दुकान से घेवर का नमूना भी संग्रहित किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान कुल नौ नमूनों को सील कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य विभाग का कहना है कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)