बन्दरों के घमासान में टूटी श्री नीलकण्ठेश्वर महादेव मंदिर की बुर्जी, बड़ा हादसा टला
मथुरा (आरएनआई) 24 मई 2026 की शाम लगभग 08 बजकर 21 मिनट पर श्री नीलकण्ठेश्वर महादेव मंदिर में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मंदिर परिसर में बन्दरों के घमासान के दौरान मंदिर की पहले से झुक चुकी शिखर की बुर्जी अचानक टूटकर नीचे गिर गई। बुर्जी गिरने से मंदिर का एक छज्जा भी क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय वहां कोई दर्शनार्थी या बच्चे मौजूद नहीं थे, अन्यथा गंभीर जनहानि हो सकती थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर की क्षतिग्रस्त बुर्जी को लेकर फरवरी माह में ही तथाकथित ट्रस्टियों और जिम्मेदार लोगों को जानकारी दे दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत या सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि चार महीने तक स्थिति की जानकारी होने के बावजूद मंदिर की सुरक्षा को नजरअंदाज किया गया, जिसका परिणाम आज मंदिर के शिखर के खंडित होने के रूप में सामने आया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने मंदिर प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि जो लोग समय रहते मंदिर की क्षति को ठीक नहीं करा सके, उन्हें अपने पदों पर बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। साथ ही यह सवाल भी फिर उठने लगे हैं कि वर्ष 2009 से मंदिर के जीर्णोद्धार के नाम पर जो धनराशि एकत्र की गई, उसका उपयोग आखिर कहां हुआ। आरोप है कि इतने वर्षों में मंदिर में अपेक्षित कार्य नहीं हुए और केवल एक कार्यालय, माता काली मंदिर तथा गंगा जी मंदिर की कुछ दीवारें ही बनाई गईं।
घटना के बाद गिरी हुई बुर्जी के चित्र और वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें मंदिर को हुए नुकसान को साफ देखा जा सकता है। स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों ने प्रशासन से मामले की जांच कर मंदिर की सुरक्षा और जीर्णोद्धार के लिए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की मांग की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)