पीएम मोदी पहुंचे पचपदरा, थोड़ी देर में करेंगे राजस्थान की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के पचपदरा पहुंच गए, जहां वह प्रदेश की पहली पेट्रोकेमिकल रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इससे पहले उन्होंने जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया और उड़ान योजना की नई सेवाओं की शुरुआत भी की।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि 480 करोड़ रुपये की लागत से बने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल से पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई गति मिलेगी। करीब 23 हजार वर्गमीटर में फैला यह टर्मिनल सालाना 20 लाख यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
उधर, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर कहा कि यह राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने दावा किया कि रिफाइनरी परियोजना की नींव वर्ष 2013 में तत्कालीन यूपीए सरकार और कांग्रेस शासन के दौरान रखी गई थी। गहलोत के अनुसार, बाद में परियोजना का काम कई वर्षों तक रुका रहा, जिससे इसकी लागत बढ़ी, जबकि 2018 के बाद कांग्रेस सरकार ने इसे फिर गति दी और अधिकांश कार्य पूरा कराया।
गहलोत ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार का उद्देश्य रिफाइनरी के साथ एक पेट्रोकेमिकल जोन विकसित करना था, ताकि प्लास्टिक आधारित उद्योग स्थापित हों और लाखों रोजगार के अवसर पैदा हों। उन्होंने वर्तमान सरकार से इस परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने और स्थानीय लोगों को उद्योग एवं रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)