पाकिस्तान में चर्चा में आई 'कॉकरोच पार्टी', भ्रष्टाचार और आर्थिक संकट को बनाया मुख्य मुद्दा
इस्लामाबाद। भारत में चर्चित कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के बाद अब पाकिस्तान में भी 'कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान' नाम से एक समूह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। यह समूह खुद को युवाओं का अभियान बताते हुए भ्रष्टाचार, खराब शासन व्यवस्था, आर्थिक संकट और राजनीतिक सुधार जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहा है।
समूह का दावा है कि उसका उद्देश्य पाकिस्तान में पारदर्शी शासन, बेहतर शिक्षा व्यवस्था, आर्थिक और राजनीतिक स्थिरता, ऊर्जा संकट का समाधान तथा पानी की कमी जैसी समस्याओं पर जनजागरूकता बढ़ाना है। सोशल मीडिया पर इसका नारा है— "पाकिस्तान उसके लोगों का है, भ्रष्ट माफियाओं का नहीं।"
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस समूह का इंस्टाग्राम अकाउंट मई में बनाया गया था और इसे कनाडा से संचालित किया जा रहा है। अकाउंट को इसी महीने सत्यापित (वेरिफाइड) भी किया गया है। सोशल मीडिया पर इसके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
समूह ने विभिन्न संगठनात्मक पदों के लिए आवेदन भी आमंत्रित किए हैं। इससे संकेत मिलता है कि वह केवल सोशल मीडिया अभियान तक सीमित न रहकर एक संगठित मंच तैयार करने की दिशा में काम कर रहा है।
अपने घोषणापत्र में समूह ने कहा है कि वह आम पाकिस्तानियों, विशेषकर युवाओं की आवाज बनना चाहता है। इसमें भ्रष्टाचार, परिवारवाद, जवाबदेही की कमी और सीमित वर्ग को मिलने वाले विशेष लाभ का विरोध किया गया है। साथ ही पारदर्शिता, लोकतांत्रिक सुधार, रोजगार सृजन, शिक्षा में सुधार और ऊर्जा संकट के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह समूह पाकिस्तान में औपचारिक राजनीतिक दल के रूप में पंजीकृत है या फिलहाल केवल एक सोशल मीडिया आधारित अभियान के रूप में सक्रिय है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)