पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव: फुजैराह बंदरगाह पर हमला, इस्राइल के बेरूत और ईरान में एयरस्ट्राइक
पश्चिम एशिया (आरएनआई) मध्य पूर्व में जारी संघर्ष ने और भयावह रूप ले लिया है। अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच टकराव अब लगातार मिसाइल और ड्रोन हमलों में बदल गया है, जिससे क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक आर्थिक स्थिरता पर भी असर पड़ने लगा है। यह संघर्ष अब 18वें दिन में प्रवेश कर चुका है और हालात लगातार बिगड़ते नजर आ रहे हैं।
संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह बंदरगाह के पास एक तेल टैंकर पर हमला हुआ, जिसके चलते फुजैराह ऑयल इंडस्ट्री जोन में आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस हमले ने समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बढ़ा दी हैं।
इसी बीच इस्राइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत के दक्षिणी हिस्से में हवाई हमले किए, जिनमें एक रिहायशी इमारत को नुकसान पहुंचा है। इसके साथ ही इजराइल ने लेबनान में जमीनी अभियान शुरू करने की भी पुष्टि की है, जिससे क्षेत्र में बड़े सैन्य संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
वहीं इराक की राजधानी बगदाद में ईरान समर्थित उग्रवादी गुट ने अमेरिकी ठिकाने को निशाना बनाया। रॉयल ट्यूलिप होटल के पास ड्रोन हमले की खबर है, जहां विदेशी राजनयिक ठहरते हैं। हालांकि इस हमले में भी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
तनाव के बीच ईरान ने पहले अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था, जिसे बाद में आंशिक रूप से खोल दिया गया। वहीं यूएई के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने भी सुरक्षा कारणों से अपने हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद करने का फैसला लिया है।
होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते हमलों के कारण व्यापारिक जहाजों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। दुनिया के बड़े हिस्से की तेल आपूर्ति इसी मार्ग से होती है, ऐसे में हालिया घटनाओं से कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और वैश्विक बाजारों पर दबाव बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)