नीट पेपर लीक के विरोध में बिहार बंद के दौरान कई जिलों में हिंसा, पटना में लाठीचार्ज; आरा स्टेशन पर हंगामा
पटना। नीट पेपर लीक मामले और छात्र आंदोलन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में छात्र संगठन आइसा के आह्वान पर शनिवार को बुलाए गए बिहार बंद के दौरान राज्य के कई जिलों में प्रदर्शन हिंसक हो गया। पटना, सीवान, छपरा, औरंगाबाद और आरा समेत कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई। कई जगह पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और स्थिति नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले भी छोड़े।
इस बिहार बंद को कई वामपंथी संगठनों के साथ राष्ट्रीय जनता दल (राजद) समेत विपक्षी दलों का समर्थन प्राप्त था। सुबह के समय राजधानी पटना और अधिकांश जिलों में स्थिति सामान्य रही तथा संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, दोपहर तक कई स्थानों पर प्रदर्शन उग्र हो गया।
पटना में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई जगह धक्का-मुक्की और झड़प हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए बल प्रयोग किया और कई लोगों को हिरासत में लिया। प्रशासन ने प्रमुख चौराहों, शैक्षणिक संस्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए।
आरा रेलवे स्टेशन पर भी बिहार बंद के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने स्टेशन परिसर में प्रवेश करने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें रोक रहे आरपीएफ पोस्ट कमांडर दीपक कुमार के साथ धक्का-मुक्की हुई, जिसमें उनके घायल होने की सूचना है। प्रदर्शनकारियों ने स्टेशन परिसर में लगे पोस्टरों को भी नुकसान पहुंचाया।
राजधानी पटना में सगुना मोड़, जगदेव पथ, राजा बाजार, बेली रोड, राजवंशी नगर, राजीव नगर, बोरिंग रोड और इनकम टैक्स चौराहे सहित कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कई स्कूलों में भी एहतियातन अवकाश घोषित किया गया, जबकि पुलिस और प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ तैनात है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है और भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की निगरानी सूची में 118 संदिग्ध लोगों को रखा गया है और हिंसा में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)