धर्मशाला: सदन की कार्यवाही से पहले विपक्ष का हल्लाबोल, धारा 118 संशोधन और आपदा प्रबंधन को लेकर सरकार पर निशाना
धर्मशाला (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गुरुवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अपना तेवर दिखा दिया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अगुवाई में भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
विपक्षी विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर धारा 118 में संशोधन के विरोध में नारे लगाए। जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार आपदा में प्रभावित पूरे प्रदेश को नजरअंदाज कर रही है और उसी आपदा के पैसों से सरकार अपने तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने इसे संवेदनहीनता करार दिया।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि धारा 118 में संशोधन कर हिमाचल की भूमि को बेचे जाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने इसे प्रदेश की अस्मिता पर हमला बताया। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यशैली से लोग परेशान हैं और अब वे खुद बदलाव की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं।
उन्होंने हाल ही में छात्रों, पेंशनरों, ओबीसी समाज और दृष्टिबाधितों के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता का सब्र टूट चुका है। शिमला में पीएम के पुतले को जलाए जाने की घटना पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी और सवाल उठाया कि ऐसी अनुमति आखिर किस आधार पर दी गई। उन्होंने अधिकारियों को अपनी मर्यादा में रहने की नसीहत भी दी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्ष की इस आक्रामकता से संकेत मिल रहे हैं कि शीत सत्र बेहद गर्म रहने वाला है और सरकार को हर मुद्दे पर कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



