दिल्ली में ठंड और प्रदूषण का डबल अटैक, कई इलाकों में हवा बेहद खराब
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली इस समय ठंड और जहरीली हवा के दोहरे संकट से जूझ रही है। गुरुवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) कई इलाकों में ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया। हवा में बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत, खांसी, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार राव तुला राम मार्ग के आसपास हवा की गुणवत्ता बेहद खराब रही, जहां AQI 344 दर्ज किया गया। अक्षरधाम, गाजीपुर और आनंद विहार में भी AQI 318 रहा, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक माना जा रहा है। राजधानी में स्मॉग की परत छाई हुई है, जिसके चलते दृश्यता भी प्रभावित हुई है और लोग मास्क पहनने को मजबूर हैं।
इधर, तापमान में लगातार कमी लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान लगभग 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। बुधवार को अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड, रिज, पालम और आया नगर जैसे इलाकों में पारा 7 से 8 डिग्री के बीच रहा, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बढ़ गई है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में भी प्रदूषण का असर गहराया हुआ है। नोएडा में हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित रही, जहां AQI 365 दर्ज किया गया। ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में AQI 324 रहा, जबकि गुरुग्राम का वायु गुणवत्ता सूचकांक 282 दर्ज किया गया। फरीदाबाद की हवा कुछ बेहतर तो रही, लेकिन 227 के AQI स्तर के साथ यह भी खराब श्रेणी में ही शामिल है।
दिल्ली के जिन क्षेत्रों में प्रदूषण का स्तर अधिक दर्ज किया गया, उनमें नेहरू नगर में AQI 388, आरके पुरम में 385, रोहिणी में 369, सिरीफोर्ट और आनंद विहार में 368, जहांगीरपुरी में 365, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 364, बवाना में 362, विवेक विहार में 360, चांदनी चौक में 359 और द्वारका सेक्टर-8 में 357 दर्ज किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस मौसम में प्रदूषण का प्रभाव तेजी से बढ़ता है। ठंडी हवाओं और कोहरे के बीच प्रदूषण जमीन के नजदीक जम जाता है, जिससे हवा और जहरीली हो जाती है। ऐसे में डॉक्टरों ने लोगों को अनावश्यक बाहर न निकलने, मास्क पहनने और खासकर बच्चों, बुजुर्गों तथा सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



