दिल्ली में गैस की कालाबाजारी पर पुलिस का शिकंजा, 45 सिलिंडर और रिफिलिंग मशीन जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली (आरएनआई)। राजधानी दिल्ली में एलपीजी गैस की कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध भंडारण और रिफिलिंग के रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में गैस सिलिंडर और उपकरण बरामद किए हैं।
पालम गांव थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया। मौके से तीन आरोपियों—अनार सिंह, सत्यवीर और विकास कुमार—को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके पास से 45 भारत गैस सिलिंडर, एक टेम्पो और गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। ये आरोपी घरेलू सिलिंडरों से अवैध तरीके से गैस निकालकर अन्य सिलिंडरों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचते थे।
इसी तरह, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने डाबड़ी इलाके में एक और कार्रवाई करते हुए अवैध एलपीजी स्टोरेज और रिफिलिंग के मामले का खुलासा किया। यहां से 17 गैस सिलिंडर बरामद किए गए और दुकानदार मोहन लाल गर्ग को गिरफ्तार किया गया। बाद में इस मामले को आगे की जांच के लिए डाबड़ी थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा के अनुसार, सीतापुरी क्षेत्र में सिलिंडरों की जमाखोरी की सूचना मिलने पर टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान पाया गया कि आरोपी 200 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से अवैध रूप से गैस भर रहा था। मौके पर विभिन्न कंपनियों के कुल 17 एलपीजी सिलिंडर मिले। खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी तुरंत बुलाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। राजधानी में गैस की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए पुलिस की यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)