जिला चिकित्सालय में कलेक्टर का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने दिए अहम निर्देश

Friday, December 26, 2025 - 19:20
Updated: 10 months ago
0

गुना (आरएनआई) कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली का गहन अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पैथोलॉजी लैब में स्थापित आधुनिक CLIA मशीन की जानकारी ली, जिसके माध्यम से HIV, HBsAg, VDRL एवं SCB जैसे महत्वपूर्ण परीक्षण किए जा रहे हैं। जिसमें बताया गया कि इस तकनीक से गंभीर बीमारियों की शीघ्र पहचान संभव हो पाती है, जिससे समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकता है। 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर में येलो, रेड एवं ब्लू श्रेणी के डस्टबिन का पृथक-पृथक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि बायो-मेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक एवं सुरक्षित प्रबंधन किया जा सके। इसके पश्चात उन्होंने ब्लड बैंक का निरीक्षण कर ब्लड डोनेशन एवं ब्लड डिस्ट्रीब्यूशन की स्थिति की समीक्षा की। जिसमें बताया गया आज 4 रक्तदाताओं से रक्त संग्रह किया गया तथा 12 मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया। कलेक्टर ने यह भी जाना कि किन ब्लड ग्रुप्स की मांग अधिक रहती है। उन्होंने ब्लड बैंक को सुव्यवस्थित रखने, नियमित रूप से डोनर्स से संपर्क बनाए रखने तथा योजनाबद्ध तरीके से ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एनसी, मैटरनिटी वार्ड एवं SNCU यूनिट का निरीक्षण कर वहां भर्ती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं उनके परिजनों से संवाद किया। उन्होंने माताओं को पोषण आहार लेने की समझाइश दी तथा नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड के बाहरी हिस्से में पुताई कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर चिकित्सकों ने कंगारू मदर केयर तकनीक की जानकारी दी। जिसमें बताया गया इस पद्धति से नवजात शिशु का तापमान नियंत्रित रहता है, वजन बढ़ता है और समग्र शारीरिक विकास में सहायता मिलती है।

इसके बाद कलेक्टर ने DEIC कक्ष, NRC, PICU एवं चिल्ड्रन वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों में जन्म के समय सिर से पैर तक होने वाले जन्मजात दोषों, उनके लक्षणों एवं उपचार प्रक्रिया की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे विषयों पर मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता आवश्यक है, ताकि समय रहते उपचार संभव हो सके। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर यह भी जाना कि चिकित्सकों द्वारा दी गई स्वास्थ्य संबंधी सलाह को वे किस प्रकार समझ रहे हैं और उसका पालन कर रहे हैं।

कलेक्टर ने 108 एंबुलेंस सेवा की भी समीक्षा की। हाल ही में घटित एक घटना का उल्लेख करते हुए उन्होंने समय पर एंबुलेंस के पहुंचने को सराहनीय बताया और इसी तत्परता के साथ सेवाएं जारी रखने के निर्देश दिए। बैठक के समापन पर कलेक्टर श्री कन्याल ने ट्रैफिक पुलिस को जिला चिकित्सालय के समन्वय से हेलमेट अभियान चलाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर आमजन में जागरूकता बढ़ाई जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User