जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने नंद बाबा दुग्ध मिशन योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराने के दिए निर्देश

Wednesday, October 4, 2023 - 20:55
Updated: 3 years ago
0

हाथरस, (आरएनआई) नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालन प्रोत्साहन योजना एवं प्रारम्भिक दुग्ध सहकारी समितियों के गठन योजना के प्रभारी क्रियान्वयन, अनुश्रवण व त्वरित गति से लागू किये जाने हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते हुए जिलाधिकारी अर्चना वर्मा ने योजना का व्यापक प्रचार प्रसार कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की गई है। इसके लिए जनपद को वार्षिक 107 व मासिक 27 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य दिया गया है। 25 अक्तूबर तक लाभार्थियों का चयन किया जाना है। स्वदेशी नस्ल की गायों को पालने वालों को 15 हजार की प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने उप दुग्धशाला विकास अधिकारी को पशुपालकों के प्रोत्साहन हेतु निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवेदन कराने के निर्देश दिए। जिससे कि अधिक से अधिक पशुपालकों को योजना का लाभ प्राप्त हो सके और उनकी आय में वृद्धि हो सके। पशुपालकों को योजना की जानकारी मुहैया कराये जाने हेतु योजना से संबंधित पम्पलेट्स, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायतों पर चस्पा कराये जाने के निर्देश दिए। जिससे कि अधिक अधिक लोगों को जानकारी प्राप्त हो सके।
उप दुग्धशाला विकास अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया प्रदेश सरकार ने नंद बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत आगामी पांच वर्षों में प्रदेश को दुग्ध उत्पादन में अग्रणी राज्य बनाए रखने का संकल्प किया है। इसके तहत स्वदेशी गायों जैसे गिर, साहीवाल, हरियाणा, गंगातीरी तथा थारपारकर की नस्ल सुधार, उनकी बेहतर देखभाल गुणवत्तायुक्त पोषण एवं स्वास्थ्य प्रतिरक्षा के प्रति प्रेरित करने, दुग्ध उत्पादकता में वृद्धि कर पशुपालकों की आय में वृद्धि करने तथा प्रदेश में प्रतिव्यक्ति दुग्ध उपलब्धता बढ़ाकर राष्ट्रीय स्तर पर लाने के कार्य किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके अलावा ग्रामों में दुग्ध सहकारी समितियां गठित कर दुग्ध उत्पादकों को ग्रामों में ही उनके दुग्ध के उचित मूल्य पर विक्रय की सुविधा उपलब्ध कराए जाने का संकल्प किया गया है। उन्होंने बताया कि अधिकतम दो गायों के लिए एक बार प्रोत्साहन राशि 15 हजार रुपये का लाभ देय होगा। आवेदक दुग्ध मिशन के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन अथवा कार्यालय मुख्य विकास अधिकारी व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में ऑफलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, वरिष्ठ कोषाधिकारी, एल0डी0एम0, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी आदि उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User