जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की तैयारी में कॉकरोच जनता पार्टी, 20 जून से धरने के लिए फिर मांगी अनुमति
नई दिल्ली (आरएनआई) कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने 20 जून से जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन और धरने के लिए एक बार फिर दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी है। संगठन का कहना है कि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और इसके लिए पुलिस द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर दी गई हैं।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि प्रदर्शन से संबंधित विस्तृत योजना, स्वयंसेवकों की संख्या और अन्य आवश्यक जानकारियां दिल्ली पुलिस को उपलब्ध करा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि संगठन ने पुलिस को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है और उम्मीद है कि प्रदर्शन की अनुमति जल्द मिल जाएगी।
दास के अनुसार, प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य शिक्षा व्यवस्था और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना है। उन्होंने कहा कि देशभर से समर्थक जंतर-मंतर पहुंचकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। संगठन का दावा है कि उसका आंदोलन छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लेकर है तथा इसे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आयोजित किया जाएगा।
इससे पहले सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने घोषणा की थी कि वह 20 जून से जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेंगे। उनका कहना है कि यह धरना तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं होती।
संगठन ने समर्थकों से "चलो दिल्ली" अभियान के तहत बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचने की अपील भी की है। वहीं, दिल्ली पुलिस की ओर से अभी तक अनुमति को लेकर अंतिम निर्णय सार्वजनिक नहीं किया गया है। पार्टी का कहना है कि उसे गुरुवार तक पुलिस के जवाब का इंतजार है।
गौरतलब है कि कॉकरोच जनता पार्टी एक युवा-नेतृत्व वाला संगठन है, जो बेरोजगारी, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार अभियान चलाता रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से चर्चा में आए इस संगठन ने हाल के वर्षों में विभिन्न जनसरोकारों को लेकर कई विरोध कार्यक्रम आयोजित किए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)