डबिया-खुटेला के जंगल में पत्थर के अवैध उत्खनन का कवरेज करने गए 2 पत्रकारों के मोबाइल और कैमरा छीन लिए

Wednesday, April 19, 2023 - 12:00
0

शिवपुरी। जिले के सुरवाया थाना अंतर्गत डबिया- खुटेला के जंगल में पत्थर के अवैध उत्खनन का कवरेज करने गए दो पत्रकारों को घेरकर उनके मोबाइल और कैमरा छीन लिए। डबिया खुटैला के वन क्षेत्र में सैकड़ों बीघा शासकीय भूमि पर खनन माफिया मजदूरों व मशीनों से लाल पत्थर का अवैध उत्खनन करने के साथ ही उसका बड़े पैमाने पर परिवहन चल रहा है।

इसे कवर करने के लिए शहर के दो पत्रकार मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे वहां गए। वे मौके पर फोटो और वीडियोग्राफी कर रहे थे, तब अवैध खनन से जुड़े कुछ लोगों ने उन्हें देख लिया। कुछ ही देर में वहां दर्जनों लोगों ने पहुंचकर मीडियाकर्मियों को घेर लिया। पत्थर मारने की धमकी देकर उन्होंने पत्रकारों से उनके मोबाइल और एक कैमरा छीन लिए।

पत्रकारों की आपत्ति के बाद उन्होंने किसी से बात करके उन्हें कोटा-झांसी फोरलेन पर सुरवाया थाने से कुछ दूरी पर स्थित एक ढाबे पर चलने को कहा। वहां पुरुषोत्तम धाकड़ के अलावा मुनीम व नीलेश यादव मौजूद थे। थोड़ी देर में सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के आने पर मीडियाकर्मियों को उनके मोबाइल वापस दे दिए गए। एक मीडियाकर्मी का कैमरा नहीं मिला, तो उसने थाने में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका कैमरा लूट लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User