कोल्डरिफ सिरप कांड: ईडी ने श्रीसन फार्मा के प्रमोटर के चेन्नई फ्लैट अटैच किए, जांच में गंभीर लापरवाही का खुलासा
नई दिल्ली (आरएनआई)। मध्यप्रदेश में कोल्डरिफ कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले में कड़ी कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चेन्नई में श्रीसन फार्मास्यूटिकल्स के प्रमोटर जी. रंगनाथन और उनके परिवार के नाम पर मौजूद दो फ्लैट अटैच कर दिए हैं। इन फ्लैटों की कीमत करीब 2.04 करोड़ रुपये बताई गई है।
ईडी की जांच में सामने आया कि कंपनी ने लागत कम करने के लिए फार्मा-ग्रेड के बजाय इंडस्ट्री-ग्रेड कच्चा माल उपयोग किया। गुणवत्ता जांच नहीं की गई और कच्चा माल नकद में खरीदा गया, जिससे रिकॉर्ड नहीं बन सके। एजेंसी ने कहा कि कंपनी द्वारा कमाया गया यह मुनाफा अपराध से अर्जित धन माना जाएगा।
दवा नियामक जांच में यह भी उजागर हुआ कि उत्पादन इकाई में गंभीर खामियां थीं और दवा नियमों के अनुसार नियमित निरीक्षण तक नहीं हुआ था। इन गंभीर लापरवाहियों के कारण ही जहरीला सिरप तैयार हुआ, जिससे मासूमों की जान गई।
मामले में पहला एफआईआर मध्यप्रदेश पुलिस की ओर से दर्ज किया गया था, जिसमें परीक्षण में सिरप में अत्यधिक जहरीले ग्लाइकोल यौगिक पाए गए थे, जिनकी वजह से बच्चों की किडनी फेल हो गई और मौतें हुईं। वहीं दूसरा एफआईआर तमिलनाडु डीवीएसी की शिकायत के आधार पर दर्ज हुआ, जिसमें रिश्वतखोरी और नियामकीय ढिलाई के आरोप शामिल हैं। दोनों राज्यों में ड्रग इंस्पेक्टरों और अधिकारियों पर कार्रवाई भी की जा चुकी है।
तमिलनाडु सरकार ने इस पूरे कांड के बाद श्रीसन फार्मा की उत्पादन इकाई को बंद करने का आदेश दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसी कंपनियों पर अब और कड़ी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी कीमत पर सार्वजनिक स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो पाए।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



