कांग्रेस ने राहुल गांधी और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया

कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक होने का दावा करते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर जैसे ‘संवेदनशील राज्यों’ में यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।

Wednesday, December 28, 2022 - 21:15
0
कांग्रेस ने राहुल गांधी और ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की सुरक्षा में चूक का आरोप लगाया

नयी दिल्ली, 28 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। कांग्रेस ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक होने का दावा करते हुए बुधवार को कहा कि सरकार को पंजाब एवं जम्मू-कश्मीर जैसे ‘संवेदनशील राज्यों’ में यात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए।

पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर दावा किया कि 24 दिसंबर को ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के दिल्ली पहुंचने पर पुलिस राहुल गांधी के इर्द-गिर्द भीड़ को नियंत्रित कर घेरा बनाने में नाकाम रही जबकि उन्हें ‘‘जेड प्लस’’ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

कांग्रेस ने दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से जुड़ा एक वीडियो जारी किया है जिसमें राहुल गांधी के ईर्द-गिर्द भारी भीड़ देखी जा सकती है।

वेणुगोपाल ने गृह मंत्री में लिखे पत्र में यह आग्रह भी किया कि अब आगे पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे ‘‘संवेदनशील राज्यों’’ में राहुल गांधी और यात्रा की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये जाएं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली में 24 दिसंबर को स्थिति यह हो गई थी कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ‘भारत यात्रियों” को राहुल गांधी के आसपास घेरा बनाना पड़ा था।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, राजीव गांधी तथा कुछ अन्य कांग्रेस नेताओं की अतीत में हुई हत्या का भी उल्लेख किया और कहा कि सरकार को प्रतिशोध की राजनीति में नहीं पड़ना चाहिए तथा कांग्रेस नेताओं की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

कांग्रेस मीडिया एवं प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इस यात्रा को बदनाम करने और रोकने का पूरा प्रयास किया गया है, लेकिन यह यात्रा रुकने वाली नहीं है क्योंकि यह यात्रा जोड़ने की है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत जोड़ो यात्रा एक यज्ञ है और यज्ञ में व्यवधान डालने वालों को राक्षस कहा जाता है। हम आगाह कर रहे हैं कि बाज़ आइए, यज्ञ तो पूरा होकर रहेगा।’’

कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया ने पिछले दिनों हरियाणा में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से संबंधित विश्राम शिविर के कंटेनर में कुछ लोगों के कथित तौर पर घुसने का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि उनकी शिकायत पर प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

‘भारत यात्री’ वैभव वालिया ने सोहना में पुलिस के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। कांग्रेस का आरोप है कि कंटेनर में घुसने वाले लोग गुप्तचर विभाग के अधिकारी थे और यह सब केंद्र सरकार के इशारे पर हुआ है।

वालिया ने दावा किया, ‘‘दिल्ली पहुंचने पर यात्रा और राहुल गांधी की सुरक्षा में चूक हुई। पहले रस्सी से घेरा बनाने की व्यवस्था होती थी। दिल्ली में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं थी। ‘भारत यात्रियों’ ने राहुल के चारों ओर घेरा बनाया। बाद में पुलिस को जब कहा गया तो उन्होंने रस्सी मंगाकर घेरा बनाने की व्यवस्था की।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी ‘भारत यात्री’ सुरक्षा को लेकर बहुत चिंतित हैं।’’

कन्याकुमारी से सात सितंबर को शुरू हुई ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ अब तक तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा से गुजर चुकी है और फिलहाल दिल्ली में विश्राम के दौर में है। जनवरी के शुरू में यात्रा के उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब होते हुए जम्मू-कश्मीर जाने का कार्यक्रम है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User