कलेक्टर ने किया आयुष्मान कार्ड कैंप का निरीक्षण, बजरंगगढ़ किले के संरक्षण पर दिया जोर

Saturday, March 22, 2025 - 20:37
Updated: 2 years ago
0
कलेक्टर ने किया आयुष्मान कार्ड कैंप का निरीक्षण, बजरंगगढ़ किले के संरक्षण पर दिया जोर
गुना (आरएनआई) गुना जिले में आज सभी जगहों पर आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष कैंपों का आयोजन किया गया। इसी क्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्‍याल ने ग्राम पंचायत बजरंगगढ़ में लगे आयुष्मान कैंप का निरीक्षण किया और वहां की कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैंप में उपस्थित हितग्राहियों से संवाद किया और पूछा कि अब तक उन्होंने आयुष्मान कार्ड क्यों नहीं बनवाया। साथ ही उन्होंने लोगों को इस योजना के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्ड के माध्यम से वह अपना 5 लाख रूपये तक का मुफ्त इलाज सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में करवा सकते हैं।
कलेक्टर ने मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनने की प्रक्रिया का डेमो देखा और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों के कार्ड समय पर बनाए जाएं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा आप सभी लोग आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी और अन्य दस्तावेजों को अपडेटेड रखें ताकि किसी को योजना का लाभ लेने में परेशानी न हो।
इस दौरान उपस्थित हितग्राहियों द्वारा बताया गया कि अक्सर कई लोग काम की तलाश में शहर से बाहर जाते हैं इसलिए कई लोगों की आयुष्मान कार्ड नहीं बन पाए हैं। जिसपर जनपद पंचायत सीईओ गौरव खरे ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति का आधार कार्ड अपडेटेड है, तो वह अन्य स्थानों से भी आयुष्मान कार्ड बनवा सकते है।
बजरंगगढ़ किले के संरक्षण एवं पर्यटन विकास पर कलेक्‍टर ने दिया जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन पीएम जनमन आंगनबाड़ी केंद्र बजरंगगढ़ का भी जायजा लिया और आवश्यक निर्देश जनपद पंचायत सीईओ को दिए। इसके बाद उन्होंने बजरंगगढ़ किले का निरीक्षण किया और किले की संरचना, ऐतिहासिक महत्व और पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण को लेकर चर्चा की।
कलेक्टर ने कहा कि बजरंगगढ़ किले को एक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि किले के इतिहास और संरचना पर एक डॉक्यूमेंट्री तैयार की जाए, जिससे इसकी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के साथ-साथ इसे पर्यटन के लिहाज से और अधिक लोकप्रिय बनाया जा सके। उन्‍होंने निर्देशित किया कि बजरंगगढ किले के विकास एवं अन्‍य कार्यो के लिये आगामी दिवसों में बैठक आयोजित कर बिन्‍दुवार योजना बनाकर प्रस्‍तुत करें।
 
निरीक्षण के दौरान मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुना गौरव खरे, रोजगार सहायक, पंचायत सचिव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User