एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी का बड़ा दावा, बोलीं– ‘लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश’

Thursday, February 26, 2026 - 12:00
0
एसआईआर को लेकर ममता बनर्जी का बड़ा दावा, बोलीं– ‘लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित करने की साजिश’

कोलकाता (आरएनआई)। ममता बनर्जी ने राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया के तहत करीब 1.2 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाने की साजिश रची जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि सभी वास्तविक और वैध मतदाताओं के अधिकार बहाल कर दिए जाते हैं, तो वह स्वयं जनता के बीच जाकर उनका आभार व्यक्त करेंगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, एसआईआर के पहले चरण के बाद ही लगभग 58 लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 14 फरवरी को आपत्तियों की सुनवाई की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद करीब 20 लाख और असली मतदाताओं के नाम ‘तार्किक गड़बड़ियों’ के आधार पर चुपचाप हटा दिए गए। उनका कहना है कि 28 फरवरी को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में करीब 80 लाख नाम हटाए जा सकते हैं, जबकि बाद में सप्लीमेंट्री सूची के माध्यम से लगभग 40 लाख और नाम हटने की आशंका है।

कोलकाता के भवानीपुर में एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह उन सभी नागरिकों के साथ खड़ी रहेंगी, जिनके नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट के समक्ष भी उठाया है, लेकिन अदालत के निर्देशों के बाद भी जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा। ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया कि वह किसी मतदाता को उसकी राजनीतिक विचारधारा या धर्म के आधार पर नहीं देखतीं और हर वैध मतदाता का अधिकार सुरक्षित रहना चाहिए। उन्होंने कहा, “मेरी लड़ाई किसी पार्टी के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र और लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए है।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास कार्यों की जानकारी भी दी। उन्होंने लगभग 850 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें न्यू टाउन में अल्पसंख्यक समुदायों के लिए माइनॉरिटी सेंटर, कोलकाता में संत कुटिया गुरुद्वारा गेट, फुरफुरा शरीफ में 100 बेड का मदर एंड चाइल्ड हब, सुंदरबन के गोसाबा में ग्रामीण अस्पताल, टॉलीगंज में नया फायर ब्रिगेड स्टेशन और 100 एसी व 20 नॉन-एसी सीएनजी बसों की शुरुआत शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार विकास के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User