एयर इंडिया विमान हादसा: अहमदाबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों का होगा सर्वे, डीजीसीए ने जारी किए निर्देश
एयर इंडिया विमान दुर्घटना के मद्देनजर अहमदाबाद हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जाएगा। गुरुवार को एक शीर्ष जिला अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अहमदाबाद (आरएनआई) गुजरात में पिछले सप्ताह हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे के बाद अहमदाबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया जाएगा। गुरुवार को एक शीर्ष जिला अधिकारी ने यह जानकारी दी। इस हादसे में कुल 270 लोगों की जान गई थी।
242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान 12 जून की दोपहर अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद मेघाणीनगर क्षेत्र में स्थित एक मेडिकल हॉस्टल कॉम्प्लेक्स के उपर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में आग लगने के कारण हुए इस भयावह हादसे में 241 यात्रियों, क्रू मेंबर्स और जमीन पर मौजूद लोगों समेत कुल 270 लोगों की मृत्यु हो गई थी।
अहमदाबाद के जिला कलेक्टर सुजीत कुमार ने बताया, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय के दिशानिर्देशों के अनुसार, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास के क्षेत्रों का सर्वे अहमदाबाद नगर निगम और नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारी करेंगे। उन्होंने कहा, "सर्वे पूरा होते ही आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने हवाई अड्डों के पास विमान सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने वाली संरचनाओं पर नियंत्रण को कड़ा करने के लिए विमान (बाधाओं का विध्वंस) नियम, 2025 का मसौदा जारी किया है।
पिछले सप्ताह हुए इस हादसे में विमान दोपहर 1.39 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट से रवाना हुआ था। उड़ान भरने के तुरंत बाद ही पायलट ने ‘मेडे’कॉल देकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की जानकारी दी। कुछ ही पलों में विमान एयरपोर्ट परिसर के बाहर स्थित मेडिकल कॉम्प्लेक्स से टकरा गया।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



