उमा भारती ने पीएम मोदी की प्रशंसा की, महिला आरक्षण बिल में OBC कोटा फिक्स करने की मांग पर कायम

Monday, September 25, 2023 - 22:15
Updated: 3 years ago
0
उमा भारती ने पीएम मोदी की प्रशंसा की, महिला आरक्षण बिल में OBC कोटा फिक्स करने की मांग पर कायम

भोपाल। (आरएनआई) बीजेपी की फायर ब्रांड नेता उमा भारती ने भोपाल में बीजेपी कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण की सराहना की है। सोमवार को अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने हाल ही में पास हुए महिला आरक्षण विधेयक की भी चर्चा की। इसे लेकर उमा भारती ने कहा कि 27 साल पहले जब पहली बार ये बिल प्रस्तुत हुआ था तभी उन्होने ओबीसी आरक्षण की बात की थी और आज तक उस बात पर कायम हूं। बता दें कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम बिल पास होने के बाद उमा भारती ने इसमें ओबीसी कोटा फिक्स करने की मांग की है।

उमा भारती ने किया ट्वीट
उमा भारती ने ट्वीट करते हुए कहा है कि ‘भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने माननीय मोदी जी के संबोधन ने प्रेरणा दी एवं सबको ऊर्जा से भर दिया। मोदी जी तो सदा से महिलाओं का सम्मान करते रहे, उन्होंने अपनी सरकार में सुषमा स्वराज, उमा भारती, निर्मला सीतारमन, स्मृति ईरानी इन महिलाओं को भारत सरकार के सबसे महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो दिए। इसीलिए आज भोपाल के जम्बूरी मैदान में नारी शक्ति ने मोदी जी का अभिनंदन किया। 1996 में जब महिला आरक्षण पहली बार प्रस्तुत हुआ तो उसमें ओबीसी, एससी,एसटी के न होने पर मैंने सदन में खड़े होकर आपत्ति दर्ज की तब कांग्रेस और भाजपा और वामपंथी बिना किसी संशोधन के इस आरक्षण को पारित कराने के लिए एक मत थे। महिला आरक्षण के सदन में रखे गए हमारी सरकार के प्रस्ताव पर अब कांग्रेस ने अचानक ओबीसी आरक्षण की बात कही है, उनके मन में खोट होगी लेकिन जब मैंने 27 साल पहले यह बात सदन में कहकर बिल रुकवा दिया था तब से लेकर आज तक मैं अपने स्टैंड पर कायम रही। राम मंदिर, तिरंगा, गंगा, गरीब का हित इसमें मेरा स्टैंड जब से मुझे होश आया है तब से एक ही जैसा है कि उनके साथ अन्याय नहीं होने देना है। यह मजबूत इरादा एवं संकल्प प्रधानमंत्री जी से भी सीखा है, मुझे उनका आशीर्वाद चाहिए। आज उनको बोलते हुए देखते मुझे बहुत खुशी हुई। वह भारत के महान नेता एवं प्रधानमंत्री तो हैं ही, भारत की संपूर्ण नारी शक्ति के रक्षक भी हैं।

27 साल पुराने स्टैंड पर कायम
सोमवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में पास हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम की भी चर्चा की। एक दिन पहले ही उमा भारती ने महिला आरक्षण में ओबीसी कोटा फिक्स करने की बात उठाकर  सियासी गलियारों में हलचल मचा दी थी। बिल पास होने से पहले भी उमा भारती ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा था, जिसमें अपनी तरफ से कई संशोधन प्रस्तावित किए थे। इसी बीच अब उन्होने ट्वीट करते हुए फिर कहा है कि वो 27 साल पहले के अपने स्टैंड पर कायम हैं लेकिन साथ ही उन्होने पीएम मोदी की प्रशंसा भी की है। देखना होगा कि उमा भारती की ओबीसी आरक्षण की मांग का मुद्दा कहां तक पहुंचता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User