उत्तर भारत में कोहरे और कड़ाके की ठंड का प्रकोप, पहाड़ों पर बर्फबारी; नए साल तक नहीं मिलेगी राहत

Saturday, December 27, 2025 - 11:57
0
उत्तर भारत में कोहरे और कड़ाके की ठंड का प्रकोप, पहाड़ों पर बर्फबारी; नए साल तक नहीं मिलेगी राहत

नई दिल्ली (आरएनआई)। नए साल से पहले उत्तर भारत से लेकर पूर्व और पूर्वोत्तर राज्यों तक मौसम का मिजाज लगातार सख्त होता जा रहा है। पश्चिमी हिमालय की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा, शीत दिवस और कई जगहों पर शीतलहर ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सड़कों, रेल और हवाई यातायात पर इसका असर साफ दिखाई दे रहा है और ठंड से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि नए साल तक इस सर्दी और कोहरे से फिलहाल राहत मिलने की संभावना नहीं है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में एक जनवरी तक सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 30 दिसंबर तक, बिहार में 27 दिसंबर तक तथा असम और मेघालय में 26 दिसंबर तक कोहरे का असर बने रहने का अनुमान है। इसके अलावा असम, मेघालय, बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में 30 दिसंबर तक, अरुणाचल प्रदेश में 28 दिसंबर तक और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में 27 दिसंबर तक घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

आईएमडी ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 26 और 27 दिसंबर को कुछ स्थानों पर गंभीर शीत दिवस की चेतावनी जारी की है। बिहार में 30 दिसंबर तक और उत्तराखंड में 28 दिसंबर तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई गई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 27 दिसंबर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 28 दिसंबर को शीत दिवस की स्थिति बन सकती है, जबकि उत्तर राजस्थान के लिए 27 दिसंबर को शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी ठंड और कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। हालांकि अभी यहां शीतलहर जैसी स्थिति नहीं बनी है और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। दिसंबर की शुरुआत के कुछ दिनों को छोड़ दें तो अब तक न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं गया है। मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए मध्यम स्तर के कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा भी छा सकता है। आसमान में आंशिक रूप से बादल बने रहेंगे, जिससे तापमान में तेज गिरावट की संभावना कम है।

मौसम विभाग के अनुसार 27 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री और 28 दिसंबर को 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। वहीं 30 और 31 दिसंबर को अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी हो सकती है, लेकिन सुबह और रात की ठंड और कोहरे से लोगों को अभी कुछ दिन तक राहत मिलती नहीं दिख रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User