ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में लखनऊ में शिया समुदाय का प्रदर्शन

Sunday, March 1, 2026 - 12:23
0
ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में लखनऊ में शिया समुदाय का प्रदर्शन

लखनऊ (आरएनआई)। ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या की खबर के बाद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शिया मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतर आए। समुदाय के लोगों ने खामेनेई की मौत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और इस घटना की कड़ी निंदा की।

रविवार सुबह बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग शहर के विभिन्न इलाकों से निकलकर छोटे इमामबाड़े के पास एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान लोग रोते-बिलखते नजर आए और नारेबाजी की। महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। प्रदर्शनकारियों ने इजरायल और अमेरिका पर हमले का आरोप लगाते हुए आक्रोश जताया। एक महिला प्रदर्शनकारी ने भावुक होकर कहा कि जिन लोगों ने धोखे से खामेनेई को मारा है, वे इतिहास में याद रखे जाएंगे, और यदि एक खामेनेई शहीद हुआ है तो हजारों खामेनेई उठ खड़े होंगे।

इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं इमाम ईदगाह मौलाना खालिद रशीद ने बयान जारी कर कहा कि किसी स्वतंत्र देश पर हमला कर उसके नेतृत्व को निशाना बनाना निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलों में आम नागरिकों और शैक्षणिक संस्थानों को भी नुकसान पहुंचा है, जिसकी वे कड़ी निंदा करते हैं। वहीं शिया चांद कमेटी के अध्यक्ष मौलाना सैफ अब्बास नक़वी ने कहा कि खामेनेई को दुनिया भर के मुसलमानों का मार्गदर्शक माना जाता था और उनकी मौत से व्यापक दुख और आक्रोश की भावना है।

तीन दिवसीय शोक की घोषणा के तहत शिया समुदाय के लोगों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखने का निर्णय लिया है। मौलाना कल्बे जवाद ने सभी समुदायों और इंसानियत में विश्वास रखने वाले लोगों से शोक में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि रविवार रात आठ बजे छोटे इमामबाड़े में शोकसभा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद कैंडल मार्च निकाला जाएगा। साथ ही देशभर के शिया समुदाय से एक ही समय पर शोकसभाएं आयोजित करने का आह्वान किया गया है।

शहर में प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User