आदमखोर तेंदुए का आतंक: मंडी की बल्ह घाटी में छह पर हमला, एक की मौत, पांच घायल

Dec 24, 2025 - 11:54
 0  243
आदमखोर तेंदुए का आतंक: मंडी की बल्ह घाटी में छह पर हमला, एक की मौत, पांच घायल

मंडी (आरएनआई)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की बल्ह घाटी बुधवार सुबह उस समय दहशत में आ गई, जब एक आदमखोर तेंदुए ने तीन गांवों में ताबड़तोड़ हमले कर दिए। इस हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना चंडयाल, भड़याल और मलवाणा गांवों में हुई, जहां तेंदुए ने अचानक लोगों को निशाना बनाते हुए पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मचा दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए ने सबसे पहले चंडयाल में लोगों पर हमला किया, इसके बाद भड़याल गांव में चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बाद में मलवाणा गांव में एक युवक पर घातक हमला करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय बलवीर सिंह पुत्र थुंगु राम निवासी भ्यूली के रूप में हुई है, जो मंडी में रहता था और अपने रिश्तेदारों के पास आया हुआ था।

घायलों में साहिब सिंह पुत्र जोगी मलदार निवासी बिहार, दीनानाथ पुत्र बिक्रम निवासी भड़याल, चंपा देवी पत्नी मनोज कुमार निवासी मलवाणा, जनित पुत्र दीनानाथ निवासी भड़याल और रेखा देवी पत्नी दीनानाथ निवासी भड़याल शामिल हैं। सभी घायलों का श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज, नेरचौक में इलाज चल रहा है, जहां उनकी हालत पर डॉक्टरों की निगरानी बनी हुई है।

सुबह-सुबह हुई इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अपनी सुरक्षा के लिए ग्रामीण हाथों में डंडे और हथियार लेकर घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि तेंदुए ने एक बार फिर लोगों पर हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे घेरकर मार गिराया। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसडीएम बल्ह स्मृतिका नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं, जबकि तेंदुए को भी मार गिराया गया है। प्रशासन की ओर से मृतक और घायलों को फौरी राहत दी जा रही है। वहीं डीसीएफ मंडी वासु डोगर ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.