हरियाणा-पंजाब और दिल्ली में लू के थपेड़ों की आशंका, UP-एमपी-बिहार के लिए यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को कहा कि 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में भी गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। विभाग ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, यूपी, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।

May 17, 2024 - 05:21
 0  594
हरियाणा-पंजाब और दिल्ली में लू के थपेड़ों की आशंका, UP-एमपी-बिहार के लिए यलो अलर्ट

नई दिल्ली (आरएनआई) उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा समेत उत्तर पश्चिम भारत में लू चलने का अलर्ट जारी हुआ। मौसम विभाग का कहना है कि अगले पांच दिन तक गर्म हवाओं के साथ भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही इस हफ्ते के अंत तक कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। उधर, हरियाणा के सिरसा में बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 47 डिग्री तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सर्वाधिक रहा। 

मौसम विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में भी गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा। विभाग ने हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए स्वास्थ्य संबंधित चिंता पर जोर दिया गया है। चेतावनी में कहा गया है कि लंबे समय तक धूप में रहने वाले या भारी काम करने वाले लोगों में गर्मी से संबंधित बीमारियां बढ़ने की आशंका है। विभाग ने कहा कि 17 से 20 मई के दौरान पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में और 18-20 मई के दौरान पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में प्रचंड लू चलने के आसार हैं। 

राष्ट्रीय राजधानी समेत कई राज्यों में शनिवार तक तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में इस वक्त शुष्क पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। इसकी वजह से यहां के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। 

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, गुजरात, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के लिए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग ने इससे पहले मई में उत्तर भारत के मैदानी इलाकों और मध्य भारत में लू चलने के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने का पूर्वानुमान जताया था। आम तौर पर उत्तरी मैदानी इलाकों, मध्य भारत और प्रायद्वीपीय भारत के आसपास के क्षेत्रों में मई में लगभग तीन दिन लू चलती है। 

विभाग ने केरल के कई जिलों में 18 से 20 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और राज्य में अगले कुछ दिन में बारिश के आसार हैं। ‘रेड अलर्ट’ भारी से अत्यधिक भारी बारिश (24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक) का संकेत देता है, जबकि ‘ऑरेंज अलर्ट’ बहुत भारी बारिश (6 से 20 सेंटीमीटर) के लिए जारी किया जाता है। ‘यलो अलर्ट’ 6 से 11 सेंटीमीटर बारिश के पूर्वानुमान पर जारी किया जाता है। 

इस बार अप्रैल में ही पूर्व, पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में अधिकतम तापमान ने रिकॉर्ड तोड़ दिए। यहां तक सरकारी एजेंसियों को स्वास्थ्य संबंधित चेतावनी जारी करनी पड़ीं और कई राज्यों ने स्कूलों में कक्षाएं बंद कर दीं। कई स्थानों पर अप्रैल में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो कि अप्रैल में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। उधर, हरियाणा में बृहस्पतिवार को हीट वेव का प्रकोप रहा। सिरसा में अधिकतम तापमान 47 डिग्री रहा, जो कि प्रदेश में सर्वाधिक रहा। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो अभी तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। 

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बृहस्पतिवार को विभिन्न स्थानों पर बिजली गिरने से कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों में दो नाबालिग हैं और दोनों मानिकचक थाना क्षेत्र के रहने वाले थे जबकि तीन मालदा थाना क्षेत्र के साहपुर के रहने वाले थे। दो अन्य गाजोल थाने के अदीना और रतुआ थाने के बालूपुर के थे। हरिश्चंद्रपुर में खेत में काम करने के दौरान एक दंपती की मौत हो गई। बाकी सभी इंग्लिशबाजार और मानिकचक थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। 

तमिलनाडु में चेन्नई और आसपास के जिलों में बृहस्पतिवार को हल्की बारिश हुई। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 20 मई तक दक्षिणी और पश्चिमी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। 

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6XB2

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.