हरदोई में चंद्रशेखर आज़ाद ने सरकार को घेरा, बोले– अव्यवस्था रही तो जिम्मेदारी तय होनी चाहिए

Monday, December 29, 2025 - 20:36
0

हरदोई(आरएनआई)  नॉर्मल स्कूल मैदान में महाराजा बिजली पासी जयंती के अवसर पर आयोजित आज़ाद समाज पार्टी की विशाल जनसभा में नगीना सांसद व पार्टी संयोजक चंद्रशेखर आज़ाद ने सरकार और प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी जनसभा के बावजूद सुरक्षा और व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं थीं। यदि किसी को नुकसान होता तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होती, यह बड़ा सवाल है।

चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि यह मुद्दा केवल उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि लोकतंत्र और दलित-वंचित वर्ग के नेताओं की सुरक्षा से जुड़ा है, जिसे अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। उन्होंने स्थानीय खुफिया तंत्र की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए उसे विफल बताया।

राष्ट्रीय मुद्दों पर बोलते हुए उन्होंने उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम कटने के मामले में मुख्यमंत्री के बयानों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पहले करोड़ों वोट कटने की बात कही गई और बाद में सरकारी आंकड़े कुछ और सामने आए, ऐसे में शेष वोट किसके थे। इसे उन्होंने लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।

सभा को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि सत्ता बदलते ही कुछ नेता पाला बदल लेते हैं, लेकिन उनकी लड़ाई बिकाऊ नहीं बल्कि टिकाऊ लोगों के साथ है। उन्होंने महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचारों का जिक्र करते हुए सरकार और मीडिया की चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने आरक्षण, निजी क्षेत्र में हिस्सेदारी, पुलिस सुधार, भूमिहीनों को जमीन और महिलाओं की सुरक्षा को अपनी राजनीति का केंद्र बताया। साथ ही निजी क्षेत्र में आरक्षण की मांग को लेकर जनवरी से पदयात्रा की घोषणा की। अंत में उन्होंने कहा कि पहले लड़ाई आज़ादी की थी, अब लड़ाई अधिकारों की है और यह संघर्ष भाईचारे के साथ जीता जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User