स्कूल की रसोई में सिलिंडर में लगी आग, 20 बच्चों को सुरक्षित निकाला; पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बदायूं के बिसौली क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय रामपुरिया में सोमवार सुबह रसोई में खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में आग लग गई। घटना के समय स्कूल में मौजूद सभी 20 बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। पुलिसकर्मियों की तत्परता और सूझबूझ से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:15 बजे रसोइया बच्चों के लिए भोजन बनाने की तैयारी कर रहा था। सिलिंडर खोलते ही गैस रिसाव होने लगा और चूल्हा जलाते समय अचानक आग भड़क उठी। आग लगते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही कांस्टेबल सत्येंद्र पाल और हेड कांस्टेबल महावीर ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए सिलिंडर की आग पर काबू पा लिया। कुछ देर तक सिलिंडर फटने की आशंका बनी रही, लेकिन समय रहते स्थिति नियंत्रित कर ली गई।
इस घटना में कोई भी बच्चा या स्कूल स्टाफ घायल नहीं हुआ। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के कारण बड़ा हादसा टल गया और सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)