गोवर्धन में उमड़ा आस्था का सैलाब, राधे-राधे के जयघोष से गूंजा परिक्रमा मार्ग
मथुरा के गोवर्धन में विश्व प्रसिद्ध मुड़िया मेले के दौरान बुधवार को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा के लिए देश-विदेश से आए लाखों श्रद्धालुओं ने पूरे परिक्रमा मार्ग को भक्ति और श्रद्धा से सराबोर कर दिया। दिन हो या रात, 21 किलोमीटर लंबा परिक्रमा मार्ग "राधे-राधे" और "जय गिरिराज बाबा" के जयघोष से गूंजता रहा।
प्रशासन के अनुसार, बुधवार तक करीब 1 करोड़ 75 लाख श्रद्धालु गोवर्धन पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं ने परिक्रमा के साथ मानसी गंगा, दानघाटी, मुखारविंद और जतीपुरा जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी दर्शन-पूजन किया। 23 जुलाई से शुरू हुआ मुड़िया मेला गुरुवार को संपन्न होगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावरों के माध्यम से की गई। स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने गिरिराज महाराज मंदिर परिसर और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एडीएम प्रशासन अमरेश कुमार, एसडीएम सुशील कुमार सिंह, सीओ अनिल कुमार सिंह, थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)