केजरीवाल ने उठाया E20 का मुद्दा, बोले- पेपर लीक के बाद अब इसके खिलाफ भी एकजुट होने का समय
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पेपर लीक के मुद्दे के बाद अब E20 ईंधन को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश के युवाओं ने एकजुट होकर आवाज उठाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना पड़ा, उसी तरह अब E20 के मुद्दे पर भी लोगों को एक साथ आना होगा।
अरविंद केजरीवाल ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को युवाओं और लोकतंत्र की बड़ी जीत बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की कि E20 से जुड़ी समस्याओं का भी समाधान किया जाए। उन्होंने दावा किया कि E20 ईंधन के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और कई वाहनों पर इसका असर पड़ रहा है।
इसी मुद्दे को लेकर आम आदमी पार्टी इस शनिवार दिल्ली में "नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट E20" का आयोजन करेगी। केजरीवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे E20 से जुड़े अपने अनुभव और सुझाव साझा कर सकें।
उन्होंने बताया कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लोग सुबह साढ़े 11 बजे तक कॉन्स्टिट्यूशन क्लब पहुंचकर कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। वहीं, दिल्ली से बाहर रहने वाले लोग ऑनलाइन माध्यम से भी कार्यक्रम से जुड़ सकेंगे। इसके लिए एक व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया है, जिस पर संदेश भेजने वाले लोगों को कार्यक्रम का ऑनलाइन लिंक उपलब्ध कराया जाएगा।
केजरीवाल ने उम्मीद जताई कि इस कार्यक्रम में हजारों लोग प्रत्यक्ष और ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लेंगे तथा E20 के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)