सलमान खुर्शीद ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की, भाजपा ने कहा – यह ‘चारण संस्‍कृति’

कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी की क्षमता को असीमित बताते हुए उन्हें न केवल ‘योगी’ और ‘सुपर ह्यूमन’ कहा बल्कि उनकी तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि कांग्रेसी उनकी खड़ाऊ लेकर चल रहे हैं।

Tuesday, December 27, 2022 - 20:00
0
सलमान खुर्शीद ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से की, भाजपा ने कहा – यह ‘चारण संस्‍कृति’

मुरादाबाद/लखनऊ, 27 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष राहुल गांधी की क्षमता को असीमित बताते हुए उन्हें न केवल ‘योगी’ और ‘सुपर ह्यूमन’ कहा बल्कि उनकी तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि कांग्रेसी उनकी खड़ाऊ लेकर चल रहे हैं।

मंगलवार को खुर्शीद के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्‍ठ प्रदेश प्रवक्‍ता हरिश्‍चंद्र श्रीवास्‍तव ने कहा कि सलमान खुर्शीद साहब के बयान को ‘चारण संस्‍कृति’ के अलावा और कुछ नहीं कहा जा सकता है। मध्ययुगीन, विशेषकर राजपूताने में राजाओं के दरबारों में उनकी वीरता आदि का गुणगान करने वाली जाति को ‘चारण’ कहा जाता है।

मुरादाबाद सर्किट हाउस में सोमवार को पहुंचे सलमान खुर्शीद ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाकर देश को तोड़ने का काम कर रही हैं। कुछ लोगों ने यहां तक कह दिया कि दूसरे देश चले जाओ, यह देश की मानसिकता को खंडित करने की कोशिश है।

राहुल गांधी की ‘‘भारत जोड़ो यात्रा’’ के उत्तर प्रदेश में व्‍यापक रूप से न आने के सवाल पर खुर्शीद ने कहा, ‘‘भगवान राम हर जगह नहीं जा सकते, जबकि उनकी खड़ाऊ बहुत दूर तक जाती है। उनकी खड़ाऊ लेकर हम (कांग्रेसी) चल रहे हैं। खड़ाऊ उत्तर प्रदेश आ चुकी है, तो राम जी भी आ ही जाएंगे।’’

खुर्शीद ने कहा, ‘‘राहुल गांधी एक ‘योगी’ की तरह तपस्या कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी की क्षमता सीमित नहीं है। वह ‘सुपर ह्यूमन’ हैं। कड़ाके की सर्दी में टीशर्ट पहने निकलते हैं और कहते हैं कि तपस्या कर रहा हूं।’’

खुर्शीद के बयान पर भाजपा उत्तर प्रदेश इकाई के वरिष्ठ प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘सलमान खुर्शीद साहब का जो बयान है, वह ‘चारण संस्कृति’ के अलावा और कुछ नहीं कहा जा सकता है।’’

श्रीवास्तव ने कहा, ‘‘ऐसे महापुरुष जिनकी पूरी दुनिया अनुकरण करती है और जो अखिल ब्रह्मांड के नायक के रूप में जाने जाते हैं, जिनकी लोग वंदना, उपासना करते हैं, ऐसे भगवान श्रीराम से राहुल जी की तुलना करने से पहले सलमान साहब को सौ बार सोचना चाहिए था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह (सलमान खुर्शीद) बैरिस्‍टर (वकील) हैं लेकिन उनकी भाषा राजशाही के ‘चारण परंपरा’ की प्रतीक है।’’

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User