समाधान समारोह-2026 के तहत विशेष लोक अदालत का आयोजन 21 से 23 अगस्त तक
गुना (आरएनआई) सर्वोच्च न्यायालय, भारत द्वारा “समाधान समारोह-2026” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का आयोजन 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित सर्वोच्च न्यायालय परिसर में किया जाएगा। इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य लंबित प्रकरणों का आपसी सहमति एवं संवाद के माध्यम से त्वरित एवं सौहार्दपूर्ण निराकरण करना है।
इस आयोजन में पक्षकारों की सहमति से विभिन्न श्रेणियों के प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इनमें बैंकिंग एवं बीमा संबंधी मामले, सिविल (दीवानी) प्रकरण, मोटर दुर्घटना प्रतिकर प्रकरण, उपभोक्ता विवाद, पारिवारिक विवाद, वाणिज्यिक एवं आर्बिट्रेशन प्रकरण, भूमि अधिग्रहण मामले, श्रमिक एवं औद्योगिक विवाद, किरायेदारी एवं बेदखली संबंधी प्रकरण सहित अन्य समझौता योग्य मामले शामिल हैं।
विशेष लोक अदालत की प्रमुख विशेषताओं में पूर्णतः स्वैच्छिक प्रक्रिया, दोनों पक्षों की सहमति, पूर्व-समझौता (मध्यस्थता) बैठकें तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों की सुविधा शामिल है। साथ ही, कोर्ट फीस की वापसी एवं अंतिम आदेश की व्यवस्था भी की जाएगी।
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बताया गया है कि चिन्हित प्रकरणों की सूची एवं विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट एवं व्हाट्सएप चैनल पर उपलब्ध है। प्रकरणों के प्री-लिटिगेशन, मध्यस्थता एवं समझौते के लिए मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उच्च न्यायालय विधिक सेवा समितियों से भी संपर्क किया जा सकता है।
इस विशेष पहल के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को सरल, सुलभ एवं त्वरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किया जा रहा है, जिससे आमजन को समयबद्ध न्याय मिल सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



