संसद में प्रियंका गांधी का सरकार पर हमला: पूछा- जंतर-मंतर पर पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया?
लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने छात्र आंदोलनों, पुलिस कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पैलेट गन के इस्तेमाल और लाठीचार्ज पर जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रियंका गांधी ने कहा कि देशभर के छात्र, शिक्षक और अभिभावक जानना चाहते हैं कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर लाठीचार्ज और पैलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया। उन्होंने कहा कि यह सवाल केवल कांग्रेस नहीं, बल्कि पूरा देश पूछ रहा है। उन्होंने कहा कि संसद जनता की आवाज उठाने का मंच है, किसी की जागीर नहीं।
अपने संबोधन के दौरान प्रियंका गांधी ने एक घायल छात्रा से मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी मां ने पूछा कि उनकी बेटी के साथ ऐसा व्यवहार क्यों किया गया। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित तौर पर पैलेट गन चलाने और बल प्रयोग की आवश्यकता क्यों पड़ी।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग किया गया। प्रियंका गांधी ने पूछा कि छात्रों पर आंसू गैस के गोले क्यों छोड़े गए, लाठीचार्ज क्यों किया गया और क्या उनके साथ आतंकवादियों जैसा व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों पर भी चिंता जताई और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब मांगा।
प्रियंका गांधी ने कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि पैलेट गन के इस्तेमाल की अनुमति किसने दी और क्या यह निर्णय उच्च स्तर पर लिया गया था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुने हुए जनप्रतिनिधि जनता के सेवक होते हैं और युवाओं को न्याय, पारदर्शिता तथा सम्मान मिलना चाहिए।
शिक्षा व्यवस्था पर भी सरकार को घेरते हुए प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए, लेकिन दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में बजट लगातार घट रहा है, परीक्षा प्रणाली का अत्यधिक केंद्रीकरण किया गया है और सरकार की प्राथमिकताएं छात्रों के हितों के अनुरूप नहीं हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)