संसद: मकर द्वार पर इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन, विपक्षी सांसदों ने की बैठक
दिल्ली में छात्रों के हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कथित कार्रवाई और राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर विपक्षी सांसदों ने मंगलवार सुबह संसद के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने इन मुद्दों पर संसद में चर्चा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब देने की मांग की।
इंडिया ब्लॉक के सांसद सुबह करीब 10:30 बजे मकर द्वार पर एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने दिल्ली में छात्रों के खिलाफ पुलिस की कथित कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांगा। साथ ही राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े मामले को भी संसद में उठाने की मांग की गई।
मानसून सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच इन मुद्दों को लेकर लगातार टकराव देखने को मिल रहा है। विपक्ष जहां छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री से जवाब मांग रहा है, वहीं सरकार ने इस मुद्दे पर चर्चा की पेशकश की है। अमित शाह भी मामले पर जवाब देने के लिए तैयार बताए जा रहे हैं।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब गृह मंत्री अमित शाह उनके सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी को संसद में मौजूद रहकर चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए।
रिजिजू ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राहुल गांधी कई दिनों से अमित शाह से जवाब मांग रहे थे। अब जब गृह मंत्री सभी मुद्दों पर विस्तार से जवाब देने के लिए तैयार हैं, तो राहुल गांधी को संसद में रहकर अपने सवाल सदन के पटल पर उठाने चाहिए।
इससे पहले सोमवार को राहुल गांधी ने अमित शाह पर हमला तेज करते हुए मांग की थी कि केंद्रीय गृह मंत्री यह स्पष्ट करें कि दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की अनुमति किसने दी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)