शिवराज सिंह चौहान ने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से आज यहां मुलाकात करके उन्हें 11 एवं 12 जनवरी को इंदौर में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करने का अनुरोध किया।

Monday, December 26, 2022 - 22:00
0
शिवराज सिंह चौहान ने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात

नयी दिल्ली, 26 दिसंबर 2022, (आरएनआई)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से आज यहां मुलाकात करके उन्हें 11 एवं 12 जनवरी को इंदौर में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के उद्घाटन सत्र को संबोधित करने का अनुरोध किया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री चौहान ने 7-लोक कल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री निवास पर श्री मोदी से भेंट कर मध्यप्रदेश के विकास और जन कल्याण से जुड़े समसामयिक विभिन्न विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जनवरी 2023 में इन्दौर में आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय दिवस और ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, जी-20 समिट की बैठकों और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन से संबंधित विषयों पर चर्चा कर प्रधानमंत्री से मार्गदर्शन प्राप्त किया।

प्रधानमंत्री श्री मोदी से मुलाकात की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि 8, 9 और 10 जनवरी, 2023 को इंदौर में आयोजित होने वाले प्रवासी भारतीय सम्मेलन के तीन दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री मोदी करेंगे। कार्यक्रम में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि आएंगे जिनका स्वागत मध्यप्रदेश की परम्परा के अनुकूल किया जायेगा। श्री चौहान ने बताया कि 11 और 12 जनवरी, 2023 को आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में गुयाना और सूरीनाम के राष्ट्रपति सहित लगभग 68 देशों के मंत्री, राजनयिक, उद्योगपति और प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।

श्री चौहान ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री श्री मोदी से इस कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री मोदी को जी-20 की मध्यप्रदेश में आयोजित होने वाली 8 बैंठकों और खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया और इस संबंध में उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

श्री चौहान ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में लागू किये गये पेसा अधिनियम के बारे में अवगत कराया। श्री चौहान ने मध्यप्रदेश के आदिवासी भाई-बहनों को जंगल, जमीन और जल पर अधिकार और उनकी संस्कृति और परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए प्रदेश में पेसा अधिनियम के अंतर्गत बनाये गये नियमों की जानकारी भी प्रधानमंत्री श्री मोदी को दी।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ओंकारेश्वर में बन रहे फ्लोटिंग सोलर प्लांट के बारे में भी श्री मोदी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बांध के ऊपर सोलर पैनल बिछा कर सौर ऊर्जा उत्पन्न की जायेगी जिससे जमीन भी बचेगी और पानी का वाष्पीकरण भी कम होगा। मुख्यमंत्री ने श्री मोदी से इस परियोजना का शिलान्यास करने का आग्रह किया। प्रदेश के 53 हजार किसानों द्वारा की जा रही प्राकृतिक खेती के बारे में भी श्री चौहान ने प्रधानमंत्री को अवगत कराया। विकास से जुड़ी प्रदेश की विभिन्न योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन और सहयोग के लिए श्री चौहान ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User