शाहाबाद: बाउंड्री वॉल को उठाकर दबंग ने कब्रिस्तान को कर लिया घर के अंदर

Friday, April 18, 2025 - 14:57
Updated: 2 years ago
0
शाहाबाद: बाउंड्री वॉल को उठाकर दबंग ने कब्रिस्तान को कर लिया घर के अंदर
बाउंड्री बाल उठाकर इस तरह कब्रिस्तान को किया घर के अंदर

शाहाबाद हरदोई (आरएनआई) टोडरपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत पिस्तिया में दबंगों का जलवा बरकरार है। चारागाह, तालाब, खलिहान, मरघट, कब्रिस्तान आदि की जमीनों पर कब्जा करने वाले दबंग पूरी तरह से काबिज हैं लेकिन तहसील प्रशासन ग्राम प्रधान द्वारा शिकायत करने के बाद भी न तो पैमाइश करा रहा है और न हीं कब्ज़ा छुड़वा पा रहा है। ऐसे ही एक दबंग ने कब्रिस्तान को बाउंड्री वॉल उठाकर अपने घर के अंदर कर लिया। नायब तहसीलदार ने जांच करके कब्रिस्तान खाली कराने का आश्वासन दिया लेकिन एक बीस दिन बीत जाने के बाद भी नायब तहसीलदार अब तक उस कब्रिस्तान की जांच और पैमाइश नहीं करा पाई। टोडरपुर ब्लाक की ग्राम पंचायत पिस्तिया में गाटा संख्या 99 पर कब्रिस्तान दर्ज है और उस स्थान पर गांव के मुस्लिम समाज के लोगों को दफन किया जाता रहा है। लेकिन पिछले एक वर्ष से गांव के ही दबंग हरिद्वारी पुत्र राजाराम ने कब्रिस्तान के चारों ओर बाउंड्री खींचकर उसे घर के अंदर कर लिया और पूरी तरह से उस पर काबिज है। कई बार शिकायत की गई लेकिन तहसील प्रशासन टस से मस नहीं हुआ। 28 मार्च को गांव में एक सरकारी जमीन पर गेहूं की फसल बोने की शिकायत की जांच करने पहुंची एसडीएम दीक्षा जोशी के सामने गांव के लोगों ने कब्रिस्तान पर कब्जे की बात रखी थी। एसडीएम दीक्षा जोशी ने नायब तहसीलदार आकांक्षा को कब्रिस्तान का मामला देखने का निर्देश दिया। नायब तहसीलदार ने कब्रिस्तान की पैमाइश कराकर कब्जा मुक्त कराने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया, लेकिन उसके बाद नायब तहसीलदार एसडीएम के निर्देशों को भूल गयी। 7 अप्रैल को गांव के प्रधान सत्यपाल गुप्ता ने लिखित रूप से शिकायत करके 99 नंबर कब्रिस्तान की जमीन की पैमाइश करा कर कब्रिस्तान को दबंग के कब्जे से मुक्त करने की मांग की। उसके बाद भी नायब तहसीलदार ने पैमाइश करने के लिए लेखपाल को अब तक नहीं भेजा है। जिससे ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्राम प्रधान सतपाल गुप्ता का कहना है काफी समय से वह कब्रिस्तान को कब्जा मुक्त करने के लिए तहसील प्रशासन से अनुरोध कर रहे हैं लेकिन उन्हें लगता है कि तहसील प्रशासन पूरी तरह से कार्रवाई के प्रति गंभीर नहीं है। इसलिए मजबूर होकर उन्हें जिलाधिकारी के यहां फरियाद लेकर जाना पड़ेगा और इसके लिए वह बड़ी संख्या में गांव के लोगों को ले जाकर डीएम से मिलकर कब्रिस्तान को कब्जा मुक्त कराने की मांग करेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User