शासन की मंशा को ध्‍यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं का करें क्रियान्‍वयन- कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

समय-सीमा बैठक के दौरान लंबित पत्रों की समीक्षा के दौरान दिए आवश्‍यक दिशा निर्देश

Monday, March 10, 2025 - 18:49
Updated: 2 years ago
0
शासन की मंशा को ध्‍यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं का करें क्रियान्‍वयन- कलेक्‍टर श्री कन्‍याल

गुना (आरएनआई) सभी अधिकारी शासन की मंशा को ध्‍यान में रखते हुए विभागीय योजनाओं का क्रियान्‍वयन करें। आप जनता के हित में कार्य करेंगे तो लोग आपके कार्यो के साथ आपको याद करेंगे। उक्‍त आशय के निर्देश आज जिला कलेक्‍ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा बैठक के दौरान कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा व्‍यक्‍त किए गए। बैठक के दौरान मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अभिषेक दुबे, अतिरिक्‍त मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी विशाल सिंह, समस्‍त अनुविभागीय अधिकारी सहित समस्‍त जिला अधिकारीगण उपस्थित रहे।

     बैठक के दौरान कलेक्‍टर द्वारा किए जा रहे नवाचार ‘मोबाईल कोर्ट’ के संबंध में सभी अनुविभागीय अधिकारियों को डॉक्‍यूमेंटेशन करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने निर्देशित किया कि डॉक्‍यूमेंटेशन में भूमि संबंधी शिकायतों के निराकरण की जानकारी, संबंधित फोटोग्राफ्स तथा पेपर कतरन को शामिल किया जाए। इसी प्रकार प्रति मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के दौरान किए जा रहे नवाचार आधार कैंप, 70+ आयुष्‍मान कैंप तथा स्‍वास्‍थ्‍य कैंप को भी जनपद स्‍तर पर आयोजित किया जाए। ताकि स्‍थानीय नागरिकों को स्‍वास्‍थ्‍य एवं आधार कार्ड की सुविधा मिल सकें।

सभी अधिकारी प्रो-ऐक्टिव होकर करें कार्य

     बैठक के दौरान कलेक्‍टर श्री कन्‍याल ने शासन की मंशा के अनुसार सभी अधिकारियों को कार्य करने के लिए निर्देशित किया। उन्‍होंने कॉडिनेशन, कम्‍यूनिकेशन तथा कॉपरेशन के सिद्धांत पर विकसित भारत की परिकल्‍पना को साकार करने के निर्देश दिए।

सभी एसडीएम कार्यालय में मिलेगी आधार कार्ड की सुविधा

अब सभी एसडीएम कार्यालय में आधार कार्ड बनाने और अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध होगी। कलेक्टर श्री कन्‍याल ने बैठक के दौरान सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक एसडीएम कार्यालय में आधार कार्ड मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अब लोग अपने नजदीकी एसडीएम ऑफिस में जाकर आधार कार्ड बनवा सकेंगे। प्रशासन का यह निर्णय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, जिससे आधार कार्ड से जुड़ी परेशानियों का समाधान तेजी से हो सकेगा।

विद्युत संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर 1912 का करें उपयोग

     बैठक के दौरान एसई एमपीईबी श्री प्रेमराज पाराशर ने बताया कि विद्युत से संबंधित शिकायतों के त्‍वरित निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर समस्‍या का निराकरण कराया जा सकता है। उन्‍होंने बताया कि कुछ उपभोक्‍ताओं द्वारा टोल-फ्री नंबर का उपयोग न कर 181 पर शिकायत दर्ज करा दी जाती है। उन्‍होंने सभी उपभोक्‍ताओं से विद्युत से संबंधित समस्‍याओं के निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर 1912 के उपयोग की अपील की। उन्‍होंने बताया कि इस नंबर पर विद्युत से संबंधित सभी शिकायतें कभी भी दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही उनका प्रा‍थमिकता के आधार पर निराकरण भी किया जाता है।

नलकूप खनन की पोर्टल पर प्रतिदिन एंट्री करें सुनिश्चित

     बैठक के दौरान कलेक्‍टर ने निर्देशित किया कि ग्रीष्‍म ऋतु के दृष्टिगत किसी भी स्‍थान पर बिना अनुमति के नलकूप खनन का कार्य न किया जाए। इस कार्य के पीएचई विभाग सतत मॉनिटरिंग करें। उन्‍होंने कहा कि इसकी जानकारी प्रतिदिन पोर्टल पर संधारित की जाए। उन्‍होंने सख्‍त निर्देश दिये कि असफल नलकूप को विधिवत तरीके से ढंकने की कारवाई सुनिश्‍चित रहे।

आज बैठक के दौरान कलेक्‍टर द्वारा ई-ऑफिस प्रणाली, पीएम जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्‍कर्ष अभियान के अंतर्गत आधार कार्ड, आयुष्‍मान कार्ड सहित लंबित पत्रों की विभागवार विस्‍तृत समीक्षा की तथा आवश्‍यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User