लूथरा बंधुओं को भारत लाने की प्रक्रिया तेज, भारतीय और थाई अधिकारियों में समन्वय बढ़ा
बैंकॉक (आरएनआई) उत्तर गोवा के चर्चित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब अग्निकांड मामले में फरार चल रहे क्लब मालिक सौरभ और गौरव लूथरा को भारत लाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। छह दिसंबर को हुए इस भीषण हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। घटना के बाद दोनों आरोपी थाईलैंड फरार हो गए थे, जिन्हें अब थाई अधिकारियों की मदद से हिरासत में लिया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के अगले ही दिन लूथरा बंधु गोवा से भागकर फुकेट पहुंचे थे। भारतीय अधिकारियों द्वारा पासपोर्ट निलंबित किए जाने के बाद थाई पुलिस ने उन्हें एक रिसॉर्ट से हिरासत में लिया और बाद में बैंकॉक के डिटेंशन सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया। भारत और थाईलैंड के बीच वर्ष 2015 से लागू प्रत्यर्पण संधि के तहत अब दोनों को भारत लाने की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सूत्रों का कहना है कि थाई अधिकारी इस मामले में भारतीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। बैंकॉक स्थित भारतीय दूतावास भी थाई प्रशासन के साथ समन्वय बनाए हुए है। थाई अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए जल्द से जल्द दोनों आरोपियों को भारत को सौंपा जाएगा।
इस पूरे मामले पर गोवा सरकार ने भी सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा है कि 25 मृतकों के परिजनों को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अब तक इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और तीन अधिकारियों को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि गोवा पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मिलकर लूथरा बंधुओं को भारत लाने और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करने की प्रक्रिया जल्द पूरी करेंगी।
जांच की बात करें तो क्लब में आग लगने के मामले में आरोपी भरत कोहली की न्यायिक हिरासत छह दिन के लिए बढ़ा दी गई है। वहीं, अरपोरा पंचायत के सरपंच रोशन रेडकर और सचिव रघुवीर बागकर की अग्रिम जमानत याचिका पर मापुसा सत्र न्यायालय ने 16 दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का समय दिया है। अब तक इस मामले में 50 से अधिक लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें सरकारी अधिकारी, क्लब कर्मचारी और पीड़ित शामिल हैं।
गौरतलब है कि छह दिसंबर की रात अरपोरा स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ क्लब में अचानक आग लग गई थी। इस दर्दनाक हादसे में पांच पर्यटकों और 20 कर्मचारियों की जान चली गई। क्लब के मालिक गौरव और सौरभ लूथरा बताए गए हैं। गोवा सरकार और पुलिस ने दोहराया है कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और मामले में सभी कानूनी कार्रवाई तेज और सख्ती से पूरी की जाएगी।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



